तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोगों की मौत

Bijnor Road Accident: उत्तरप्रदेश के बिजनौर में फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। दरअसल, धामपुर के नेशनल हाईवे-74 के फायर स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सड़क किनारे खाई में गिर गया। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 2 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूल्हा-दूल्हन और उनके परिजन झारखंड से ट्रेन से आए थे, जो मुरादाबाद स्टेशन पर उतरे और ऑटो में सवार होकर धामपुर आ रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। मृतकों में दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे की मौसी, मौसा और मौसेरी बहन शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक बिजनौर जिले के तिबड़ी गांव के रहने वाले खुर्शीद अपने बेटे विशाल की शादी करने झारखंड गए थे, जो शादी के बाद परिवार के साथ वापस गांव लौट रहे थे। उनके साथ विशाल,उसकी पत्नी खुशी, मौसी रूबी, मौसा मुमताज, मौसेरी बहन बुशरा के साथ परिवार के दो लोग थे। सभी ट्रेन से मुरादाबाद स्टेशन पर आए, जहां से उन्होंने घर जाने के लिए ऑटो बुक किया। धामपुर के नगीना मार्ग स्थित फायर स्टेशन के पास कार ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में खुर्शीद (उम्र 65 साल), विशाल (उम्र 25 साल), खुशी (उम्र 22 साल), मुमताज (उम्र 45 साल), रूबी (उम्र 42 साल), बुशरा (उम्र 10 साल) और ऑटो ड्राइवर अजब की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को रामपुर CHC पहुंचाया, जहां सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। (Bijnor Road Accident)
CM योगी ने जताया दुख
SP ने बताया कि हादसा घने कोहरे के कारण हुआ है। वहीं घायल ने बताया कि वे भाई की शादी करके झारखंड से लौट रहे थे। ट्रेन से मुरादाबाद पहुंचे, जहां से ऑटो में सवार होकर घर जा रहे थे। इस बीच तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिसमें परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। CM योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे को लेकर दुख जताया है। CM योगी ने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। साथ ही शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। (Bijnor Road Accident)



