महिला सफाईकर्मियों से छेड़छाड़ के आरोप में पूर्व CMO पर FIR, कूटरचना का भी केस
बिलाईगढ़ नगर पंचायत के तत्कालीन CMO यशवंत देवांगन के खिलाफ महिला सफाईकर्मियों से कथित छेड़छाड़, लैंगिक उत्पीड़न और दस्तावेजों में कूटरचना के आरोप में FIR दर्ज हुई है।

सारंगढ़/बिलाईगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ के तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) यशवंत देवांगन के खिलाफ महिला सफाईकर्मियों से कथित छेड़छाड़, लैंगिक उत्पीड़न और सरकारी दस्तावेजों में कूटरचना के आरोप में पुलिस ने FIR दर्ज की है। बिलाईगढ़ थाने में यह कार्रवाई एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी मोहन लाल साहू की शिकायत पर 1 अक्टूबर को की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(1) और 336(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला सफाईकर्मियों ने लगाए गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन CMO ने ‘जय मां समलाई महिला स्व-सहायता समूह’ से जुड़ी महिला सफाईकर्मियों के साथ कथित तौर पर अमर्यादित व्यवहार किया। महिलाओं ने जांच के दौरान अधिकारी पर द्विअर्थी बातें करने, अकेले मिलने के लिए दबाव बनाने और आपत्तिजनक व्यवहार करने के आरोप लगाए।
एक महिला ने कथित तौर पर अकेले मिलने और उसे ‘खुश करने’ के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया। इसके अलावा कंधे पर हाथ रखने और अशोभनीय हरकत करने की शिकायत भी जांच दल के समक्ष की गई। शिकायत के बाद महिलाओं पर मामला वापस लेने का दबाव बनाने और ऐसा नहीं करने पर नौकरी से हटाने की कथित धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई।
एसडीएम की जांच में भी आरोपों का उल्लेख
मामले की प्रारंभिक जांच एसडीएम के निर्देश पर गठित जांच दल ने की थी। दल ने संबंधित महिलाओं और अधिकारियों के बयान दर्ज करने के बाद 10 सितंबर को अपनी रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में तत्कालीन CMO के खिलाफ लगाए गए आरोपों को गंभीर बताते हुए कथित लैंगिक उत्पीड़न, छेड़छाड़, कूटरचना और अनुशासनहीनता से संबंधित बिंदुओं का उल्लेख किया गया।
P.I.C. एजेंडे में बदलाव का आरोप
मामले में सरकारी दस्तावेज से छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, P.I.C. की बैठक के लिए तैयार एजेंडे में क्रमांक 21 पर वार्ड क्रमांक-3 में पचरी निर्माण पर चर्चा प्रस्तावित थी। आरोप है कि बाद में एजेंडे में बदलाव कर महिला स्व-सहायता समूह का अनुबंध समाप्त करने से संबंधित प्रस्ताव दर्ज कर दिया गया।
जांच के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष और परिषद के लिपिक के बयान भी दर्ज किए गए। रिपोर्ट में एजेंडे में कथित बदलाव से जुड़े तथ्यों का उल्लेख किया गया है।
शिकायत के बाद लंबित भुगतान का मामला भी सामने आया
जांच रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं की शिकायत के बाद 27 अगस्त को स्व-सहायता समूह की 8 लाख 96 हजार रुपये की लंबित राशि का भुगतान किया गया। हालांकि, ‘वूमेन फॉर ट्री’ योजना की राशि लंबित होने की बात भी जांच में सामने आई है। शिकायतकर्ताओं ने भुगतान प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
रिपोर्ट के आधार पर FIR, पुलिस कर रही जांच
एसडीएम ने 27 अगस्त को मामले की जांच के लिए दल गठित किया था। जांच दल ने संबंधित पक्षों के बयान और दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पूर्व CMO के खिलाफ FIR दर्ज की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले दस्तावेजों, बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



