Google Analytics —— Meta Pixel

अटल आवास में भीषण आग, 75 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू; जान बचाने पहली-दूसरी मंजिल से कूदे लोग

ग्राउंड फ्लोर पर आग लगने से मची अफरा-तफरी, धुएं में फंसी महिलाएं-बच्चे और बुजुर्ग; 6 बाइक जलकर खाक, एक व्यक्ति घायल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात एक आवासीय परिसर में आग लगने से हड़कंप मच गया। सरकंडा थाना क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर पर अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग और धुएं ने परिसर के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग आवास के भीतर फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने पहली और दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है, हालांकि किसी की मौत नहीं हुई।

धुएं से घिरा आवास, लोगों में मची चीख-पुकार

आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण परिसर में रहने वाले लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। कमरों और सीढ़ियों में धुआं भरने से लोग घबरा गए। कई परिवार अपने बच्चों और बुजुर्गों को लेकर सुरक्षित बाहर निकलने की कोशिश करते रहे।

हालात बिगड़ने पर कुछ लोगों ने ऊपरी मंजिलों से नीचे छलांग लगा दी। वहीं, आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी और कपड़ों की मदद से छत पर फंसी महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 75 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बाहर खड़ी छह बाइक जलकर हुईं खाक

आग की चपेट में आने से अटल आवास के बाहर खड़ी करीब छह मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं। परिसर में धुआं फैलने और आग की लपटें उठने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। कुछ समय तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद राहत और बचाव कार्य के जरिए फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने पर ध्यान दिया गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। आग से मकान और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

घटना ने एक बार फिर बहुमंजिला आवासीय परिसरों में अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास और बचाव व्यवस्था की जरूरत को उजागर किया है।

Back to top button
error: Content is protected !!