Google Analytics —— Meta Pixel

मकान का छज्जा तोड़ते समय हादसा, एक मजदूर की मौत; दूसरा गंभीर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुराने मकान का छज्जा तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सरकंडा थाना क्षेत्र के कपिल नगर में ऊंचाई से गिरने के कारण दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान नरेंद्र साहू ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल मजदूर पंकज यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका सिम्स में उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक, कपिल नगर में एक पुराने मकान का छज्जा तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक दो मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान नरेंद्र साहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि पंकज यादव का इलाज जारी है।

सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवाल

हादसे के बाद मृतक और घायल मजदूर के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए थे। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सरकंडा पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद सरकंडा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि छज्जा तोड़ने के दौरान सुरक्षा के जरूरी उपाय किए गए थे या नहीं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!