Google Analytics —— Meta Pixel

महिला मित्र को घर लाने की बात पर खूनी विवाद, चाचा ने भतीजे के सीने पर किया वार

लिंगियाडीह में वारदात के बाद भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा; हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक की हत्या कर दी गई। महिला मित्र को घर लाने की बात को लेकर हुए विवाद में चाचा ने अपने सगे भतीजे के सीने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चाचा धनीराम निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमित निषाद के महिला मित्र को घर लाने को लेकर उसके चाचा धनीराम निषाद के साथ अक्सर विवाद होता था। मंगलवार देर रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर धनीराम ने धारदार हथियार से अमित के सीने पर वार कर दिया।

कमरे में खून से लथपथ मिला युवक

घर के भीतर से रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए। इसी दौरान आरोपी को कमरे से खून से सना हथियार लेकर बाहर निकलते देखा गया। परिजन जब कमरे में पहुंचे, तो अमित जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके सीने पर गंभीर चोट के निशान थे।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने की फिराक में था। सूचना मिलने पर सरकंडा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया सब्जी काटने वाला धारदार हथियार जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!