कार्यकर्ताओं को भड़काकर हिंसा फैलाना चाहती है TMC, भाजपा कानून के रास्ते पर चलेगी: BJP

BJP Accuses TMC: पश्चिम बंगाल की सियासत में जीत के जश्न के बीच अब हत्या पर संग्राम छिड़ गया है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या ने बंगाल की राजनीति को और गरमा दिया है। इस बीच उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक स्थान लाया गया, जहां BJP कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि TMC एक हिंसावादी दल है। गुंडा और समाज विरोधी, हिंसावादी पार्टी का बंगाल से सफाया हो गया। भवानीपुर से ममता बनर्जी हार गई और त्याग पत्र नहीं देंगे का नाटक शुरू किया, लेकिन जब उन्होंने देखा कि इसका कोई फायदा नहीं हो रहा, तब इन्होंने योजना बनाकर सुवेंदु अधिकारी के PA को निशाना बनाया। इस मामले की जांच हो रही है और जो हत्यारे हैं वे पकड़े जाएंगे। TMC आलाकमान से ही इसकी रणनीति तैयार हुई थी। जो-जो लोग इसमें शामिल हैं सबको सजा देने की हम मांग कर रहे हैं।
यह भी पढे़ं:- PA की हत्या पर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी का आरोप, कहा- ममता बनर्जी को हराने की दी गई सजा
सांसद ने आगे कहा कि चंद्रा की हत्या एक राजनीतिक हत्या है। पूरी जांच चल रही है। TMC के समय में CBI जांच करती थी और राज्य पुलिस सबूत मिटाती थी, लेकिन अभी वह समय नहीं है। अभी केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा है। CBI, CID नई सरकार के साथ काम करना शुरू कर देगी, चिंता की कोई बात नहीं, राज्य पुलिस और CID कामयाब होगी और TMC के जिन लोगों ने इसकी साजिश रची उसे हम नहीं छोड़ेंगे। हम हिंसा का समर्थन नहीं करते लेकिन अपने कार्यकर्ता की खून की एक-एक बूंद का हिसाब हम कानूनन तरीके से लेंगे और TMC की साजिश का जवाब देंगे। अभया कांड में TMC के बहुत नेता बच गए, लेकिन इसमें उनका सूत-समेत हिसाब होगा और बंगाल की जनता उस दिन विजय उत्सव मनाएगी।

TMC का इरादा कार्यकर्ताओं को भड़काकर उग्र करना था: सिन्हा
सिन्हा ने आगे कहा कि TMC का इरादा हमारे सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को भड़काकर उग्र करना था, ताकि वे हर जगह TMC नेताओं के घरों में तोड़फोड़, आगजनी करें, जिससे बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा जाए और फिर TMC इसका फायदा उठाने की कोशिश करे। हालांकि BJP कानून का सम्मान करती है। हम ‘खून के बदले खून’ नहीं चाहते, बल्कि हमारा लक्ष्य कानून का राज स्थापित करना और यह सुनिश्चित करना है कि इस अपराध के पीछे जो लोग हैं, उन्हें सजा मिले। कांग्रेस, CPI(M) और TMC के शासनकाल के दौरान यहां की पुलिस आजादी से काम नहीं कर पाती थी। आज पुलिस आजाद है और इसलिए CBI की तत्काल कोई जरूरत नहीं है। अगर जरूरत पड़ी तो CBI और अन्य सभी एजेंसियां इस मामले की जांच के लिए आगे आएंगी और मिलकर काम करेंगी। अपराधियों को पकड़ा जाएगा और सजा दी जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। (BJP Accuses TMC)
ममता बंगाल को अशांत करने की कोशिश कर रही: खगेन
भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने कहा कि जिस तरह से हत्या हुई है, उससे लगता है कि यह पूर्व नियोजित है। ममता बनर्जी अभी तक कुर्सी पर बैठी हैं, क्यों बैठी हैं? उन्हें तो अभी तक इस्तीफा दे देना चाहिए था। वे कोर्ट जा सकती हैं, लेकिन जब जनता ने फैसला लिया तो उन्हें उसे मानना चाहिए। वे बंगाल को अशांत करने की कोशिश कर रही हैं। चुनाव शांतिपूर्ण हुए। जांच चल रही है, जिसने भी यह किया है वह पकड़ा जाएगा। 9 तारीख को भाजपा का मुख्यमंत्री बनने वाला है, उसके बाद जांच होगी और दोषी को कड़ी सजा होगी। उन्होंने कहा कि ये जनता की जीत है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह ने बंगाल को सोनार बांग्ला बनाने का वादा किया था। बंगाल की जनता पर हमला हो रहा था इसके खिलाफ जनता ने आज ममता बनर्जी और TMC को दंड दिया, TMC बंगाल से हट गई।
बंगाल में जंगलराज खत्म हो गया: खगेन
उन्होंने आगे कहा कि जिस दिन मेरे पर हमला हुआ था मुझे वो दिन आज भी याद है। बांग्लादेशी घुसपैठियों ने मुझ पर हमला किया था। उसी दिन वे लोग बोल रहे थे कि भाजपा का यहां कोई काम नहीं है। सब TMC के लोग हैं तो आप यहां किस लिए आए हैं? बाढ़ में बहुत लोग पीड़ित थे हम पीड़ितों से मिलने गए। लेकिन वहां जाकर हमारे पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को भगाया और हमला किया। उन लोगों ने मुझे जान से मारने की कोशिश की थी। मैं प्रभु के आशीर्वाद से बच गया। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने ट्वीट भी किया था। मैं यही कहूंगा कि आज जंगलराज खत्म हो गया। ममता बनर्जी का खेला खत्म हो गया। खगेन मुर्मू ने कहा कि 2021 के बाद देखते हैं तो बंगाल में आदिवासी लोगों पर TMC ने हमला किया और हिंसा भी बहुत हुई। हमारी राष्ट्रपति पर यहां के एक मंत्री ने टिप्पणी की थी। जनता ने उसका जवाब दिया। आदिवासियों के लिए 16 सीट आरक्षित थे, सभी के सभी सीटों पर भाजपा जीत कर आई है। 2021 में 6 सीट भाजपा के पक्ष में था। ST मोर्चा को 53 सीटों की जिम्मेदारी थी 53 में से हम 49 सीट जीते हैं। ये बहुत बड़ी जीत है।
TMC ने 300 से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या की: मुर्मू
भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने कहा कि 2021 चुनाव के बाद TMC ने जैसे जनता पर हमला किया और तोड़फोड़ भी की, 300 से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या की। आज वे EVM को लेकर बोल रहे हैं, उनके दिमाग में है कि 2021 में मैंने इनको हरवाया तो शायद भाजपा ने भी वही किया। वे चोरी करके यहां 15 सालों तक बैठे थे वे वही सोच रहे हैं। उनकी सोच गलत है। उन्हें अपनी कुर्सी छोड़नी चाहिए। जनता का फैसला मान कर चलना चाहिए। हत्या में TMC का साजिश जरूर है। जनता ने जनादेश दे दिया है जिसे TMC ने स्वीकार नहीं किया है। वे माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। ममता बनर्जी राष्ट्रपति शासन की बात कर रही हैं। 9 तारीख को हमारी सरकार बन रही है। हम शांति का वातावरण बनाएंगे। कहीं भी खून-खराबा नहीं होगा। विकास होगा और युवा को काम मिलेगा।
हत्या के पीछे का कारण राजनीतिक प्रतिशोध: भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि हत्या के पीछे का कारण राजनीतिक प्रतिशोध है। जांच जारी है और हमारा विश्वास है कि सच सामने आ जाएगा। यह कोई साधारण हत्या नहीं है। TMC ने सभी राज्यों की स्थिति ऐसी ही बनादी है। पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था नहीं है। इस समय इस पर मैं कोई राजनीतिक प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता, जिस तरह हत्या हुई है, यह साधारण नहीं है, यह प्रशिक्षित शूटर द्वारा की गई है। यह पूरी योजना के साथ की गई है। यह जांच का विषय है। उसके बाद ही कुछ कहा जाएगा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिंद्य बनर्जी (राजू) ने कहा कि हम लोग गुंडागर्दी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। 2021 में चुनाव के बाद हमारे 300 कार्यकर्ताओं की हत्या TMC के गुंडों ने की थी। हम राष्ट्रीय पार्टी हैं। हम ये सब बर्दाश्त नहीं करते हैं। हमने कार्यकर्ताओं को निर्देश दे दिया कि TMC जो भड़का रही है उसमें मत जाइए, लेकिन कितने देर तक आप रोकेंगे। मैं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद कर रहा हूं। ये प्लान करके हत्या की गई है। पाताल से भी निकाला जाएगा। (BJP Accuses TMC)
TMC लुटेरों और हत्यारों की पार्टी है: कीया घोष
BJP नेता कीया घोष ने कहा कि चंद्रनाथ रथ या चंद्र, जिन्हें हम सुवेंदु अधिकारी के PA के तौर पर जानते थे, उन्हें मध्यमग्राम में बहुत करीब से गोली मारी गई है। उन्होंने भवानीपुर में बहुत जोर-शोर से काम किया था, जहां सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के खिलाफ ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। अब इन बातों को जोड़कर देखिए। इसीलिए मैं हमेशा कहती हूं – TMC लुटेरों और हत्यारों की पार्टी है और सबसे ज्यादा बदले की भावना रखने वाली पार्टी है। क्योंकि सुवेंदु के PA ने इतनी मेहनत से काम किया था, इसलिए TMC ने गुस्से, हताशा और नाराजगी में उन्हें निशाना बनाया, लेकिन नई सरकार बनने के बाद, गोली चलाने वालों और चंद्र की हत्या के लिए ‘सुपारी’ देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। घोष ने कहा कि 2021 में जब TMC सत्ता में आई थी और इस बार सत्ता से जाने के बाद उनका गुस्सा, उनकी हताशा बाहर आ रही है। सबसे दुख की बात यह है कि उन्होंने जिसे निशाना बनाया वह गैर राजनीतिक था। (BJP Accuses TMC)
ममता ने लोकतंत्र और संविधान को कभी नहीं माना: अभय
उन्होंने कहा कि चंद्रा का क्या यही दोष था कि उसने भवानीपुर चुनाव में सुवेंदु अधिकारी के लिए बहुत काम किया और भवानीपुर से ममता बनर्जी हारी। क्या इसी गुस्से में यह किया गया है? गाड़ी रोककर उसकी गाड़ी के सामने आकर लगातार गोली चलाई गई। इतनी दरिंदगी हमने TMC के जमाने में देखी और अब हम TMC के जाते हुए देख रहे हैं। सुवेंदु अधिकारी को टारगेट करके, क्योंकि उन्होंने ममता बनर्जी को हराया है, इसलिए इस हताशा में यह किया गया है। यह नकारात्मक काम TMC के अलावा और कोई नहीं कर सकता। यह राजनीतिक वेंडेटा जो हमने 15 साल देखा है, जाते-जाते ममता बनर्जी और भाईपो जो 15 साल गुंडाराज कर रहे थे उसका और एक नमूना छोड़कर गए हैं। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभय सिंह ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक को जो मारा गया है ये हिंदुत्व सनातन पर हमला है। हम सब इसकी निंदा करते हैं हम विश्वास दिलाते हैं कि इस देश हर भाजपा कार्यकर्ता, हर सनातनी उनके साथ खड़ा है उनके दुख में खड़ा है उनके लड़ाई में खड़ा है। हारने पर ये हाल है अगर जीते होते तो कत्लेआम मचा देते। अब तक सेकेड़ों लोगों को वो लोग मार चुके होते। बंगाल की जनता देख रही है किस तरीके से वो लोग अपराध में व्यस्त हैं, जहां तक बात है ममता के इस्तीफा न देने का तो उन्होंने लोकतंत्र और संविधान को कभी नहीं माना। हमेशा अपनी चलाई हैं।



