PA की हत्या पर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी का आरोप, कहा- ममता बनर्जी को हराने की दी गई सजा

Suvendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या से सियासी भूचाल आ गया है। मध्यमग्राम के पास देर रात बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार पर बेहद करीब से फायरिंग की, जिसमें चंद्रनाथ की मौत हो गई। पुलिस और CID ने जांच शुरू कर दी है, जबकि बीजेपी ने इसे सुनियोजित राजनीतिक हत्या बताते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। DGP सिद्ध नाथ गुप्ता ने कहा कि हमने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमने अपराध में इस्तेमाल हुई 4-पहिया गाड़ी को जब्त कर लिया है, लेकिन ऐसी खबरें आ रही हैं कि गाड़ी की नंबर प्लेट नकली है और उसके साथ छेड़छाड़ की गई है। हमें घटनास्थल से जिंदा कारतूस और चले हुए कारतूस मिले हैं। चश्मदीदों और सबूतों की जांच की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें:- तमिलनाडु में सत्ता का महासंग्राम, सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद भी विजय की राह मुश्किल, 118 के आंकड़े पर अटका सत्ता समीकरण
वहीं भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि जिस तरीके से हत्याकांड हुआ, उसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है। उनकी हत्या इसलिए हुई, क्योंकि वो मेरा अधिकारी था और मैंने ममता बनर्जी को भवानीपुर में हराया। उनकी हत्या की वजह यही हो सकती है। मैं उनके परिवार के साथ खड़ा हूं और परिवार की जो मांग है, जिन्होंने ये हत्या की है उसको हिरासत में लेकर सजा दिलाना है। पोस्टमार्टम में पता चला कि 4 गोली उनको मारी गई है। ये हत्या प्लान करके किया गया है। मृतक PA चंद्र की मां हासिरानी रथ ने कहा कि मैं चाहती हूं कि दोषियों को सजा मिले। मैं एक मां हूं, मैं नहीं चाहती कि उन्हें फांसी हो। मैं उनके लिए आजीवन कारावास चाहती हूं। उन्होंने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि BJP सत्ता में आई। (Suvendu Adhikari PA Murder)
बदमाशों ने मेरे बेटे को तड़पाकर मारा: मृतक की मांग
मृतक की मां ने आगे कहा कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष और नेता बार-बार राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कह रहे हैं, लेकिन सत्ताधारी पार्टी के जो लोग तरह-तरह की भड़काऊ टिप्पणियां कर रहे थे, जो कह रहे थे कि 4 तारीख के बाद दिल्ली के बाप भी हमें नहीं बचा पाएंगे तो 4 तारीख के बाद उन्होंने वही कर दिखाया। अगर मेरे बेटे की मौत किसी दुर्घटना में हुई होती तो मुझे इतना दुख नहीं होता, जिस तरह से बदमाशों ने मेरे बेटे को तड़पाकर मारा, ये सब तृणमूल की रची हुई कहानियां हैं। जब से सुवेंदु बाबू ने ममता बनर्जी को हराया है, मेरे परिवार को ऐसे खतरे का सामना करना पड़ रहा है। मृतक के छोटे भाई देव कुमार ने कहा कि कल वे हमारे साथ बैठे थे, उन्होंने हमसे बात की थी। दोपहर 2 बजे के बाद वे कोलकाता के लिए निकले थे।
आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा हो: मृतक के भाई
मृतक के भाई ने आगे कहा कि किसी के साथ उनकी दुश्मनी नहीं थी। भाई ने हमें बताया था कि 2021 के चुनावों के बाद TMC ने हिंसा भड़काई थी। फिर भी उन्होंने हमें शांति बनाए रखने की कोशिश करने का निर्देश दिया। साथ ही हमसे शांत रहने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि कोई भी किसी भी प्रकार की हिंसा में शामिल न हो। यही अनुरोध है कि जिसने भी यह साजिश रची है उसे कड़ी से कड़ी सजा हो। कल दोपहर 2 बजे तक हमारी उनसे बात हुई थी। एक चश्मदीद ने बताया कि जैसे ही चंद्रा की कार मेरी कार के पास से गुजरी, वह अचानक बीच रास्ते में रुक गई और बाइक पर सवार एक व्यक्ति आया और कार के बाईं ओर गोलीबारी शुरू कर दी। (Suvendu Adhikari PA Murder)
हत्या की पूरी योजना बनाई गई थी: सुवेंदु अधिकारी
चश्मदीद के मुताबिक वह व्यक्ति काफी माहिर लग रहा था। वह तुरंत वहां से भाग निकला। ऐसा लग रहा था कि यह सब पहले से ही प्लान किया गया था। गोलियां बिल्कुल करीब से चलाई गई थी। मैंने 2 राउंड गोलियों की आवाज सुनी। यह घटना रात 10.30 बजे से 11 बजे के बीच हुई। यह घटना अस्पताल से 200-300 मीटर की दूरी पर हुई। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और कार के ड्राइवर को भी गोली लगी थी। वहीं BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह एक सोची-समझी हत्या है और DGP ने भी यही कहा है। 2-3 दिनों तक रेकी की गई थी और हत्या की पूरी योजना बनाई गई थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हम शोक में हैं और इस घटना की निंदा करने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं। दिल्ली से हमारे पूरे नेतृत्व ने इस बारे में जानकारी ली है।
अभिषेक बनर्जी ने हत्या कराई है: अर्जुन सिंह
सुवेंदु ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने मृतक के परिवार और पुलिस से बात की है। कई नेता और चुने हुए विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से यहां आए हैं। पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं और वे जांच करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि यह 15 साल के ‘महा-जंगल राज’ का नतीजा है। BJP यहां के गुंडों को खत्म करने का काम शुरू करेगी। वहीं केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि यह एक दुखद घटना है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। DGP ने हमें बताया है कि जांच में काफी प्रगति हुई है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। कानूनी प्रक्रिया के जरिए सभी को सजा दिलाई जाएगी। रिपोर्टों के मुताबिक पांच गोलियां चलाई गई थी। उत्तर 24 परगना जिले के नोआपारा विधानसभा क्षेत्र से विजयी भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि अभिषेक बनर्जी ने ये हत्या कराई है। वे एक संदेश देना चाहते हैं कि हम सरकार में भले ना हो, लेकिन हम तुम्हारे ऊपर भारी हैं। वे मूर्ख हैं इसका जवाब मिलेगा।
TMC की गुंडागर्दी की राजनीति का अंत होना चाहिए: गुच्छैत
अर्जुन सिंह ने आगे कहा कि यह चुनाव के बाद की हिंसा है या अभिषेक बनर्जी ने यह कराया है यह तो जांच का विषय है। यह पूर्वनियोजित हत्या है। एजेंसी की प्रशिक्षित शूटर ने यह किया है। अभिषेक बनर्जी ने यह कराया है। वे हजम नहीं कर पा रहे कि उनकी सरकार नहीं है, जांच होने दीजिए। वही गिरफ्तार होंगे। भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि यह बहुत दुख की बात है। कार्रवाई होनी चाहिए, कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए। हम बंगाल में कोई हिंसा नहीं चाहते, लेकिन गुंडा वाहिनी का जो संगठन है उसे खत्म करने में हमें समय लगेगा। सबको अलर्ट, प्रशासन को भी अलर्ट रहना पड़ेगा। कोई हिंसा हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। मेदिनीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विजयी उम्मीदवार शंकर कुमार गुच्छैत ने कहा कि यह बहुत दुखद है। चंद्रा बहुत होशियार थे, उनके और मेरे बहुत अच्छे संबंध थे, लेकिन बंगाल में TMC की गुंडागर्दी की राजनीति का अंत होना चाहिए। मेरी यही मांग है कि जो अपराधी है उसे कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए। बंगाल में गुंडाराज, बम, बंदूक की राजनीति बंद होनी चाहिए।



