Google Analytics —— Meta Pixel

3 नए बिल का विरोध करने पर बीजेपी हुई हमलावर, कहा- अगर किसी का चंदा और जुआ बंद हो जाए तो विचलित होंगे ही

BJP Attacks Opposition: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पेश किए गए तीन विधेयकों का विरोध करने पर सत्ता पक्ष ने विपक्ष पर हमला बोला है। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि अगर किसी का चंदा और जुआ बंद हो जाए तो ऐसे लोग विचलित तो होंगे ही। अब विपक्ष क्यों विचलित हुआ ये समझ नहीं आया। PM, मुख्यमंत्री और मंत्री अगर भ्रष्टाचार करते हैं और वो कानून के दायरे में आएंगे उनके खिलाफ ये बिल है। 80% भाजपा की सरकार हैं तो उन्हें इस बिल से नाराज होना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ही ये बिल प्रस्तुत किया, क्योंकि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पीएम की नीति है। अब ये नीति विपक्ष को कैसे अच्छी लगेगी, जहां पर भ्रष्टाचार का विरोध है वहां पर विपक्ष इसके खिलाफ है।

यह भी पढ़ें:- विपक्ष ने तीन नए विधेयक को लेकर जताया विरोध, कांग्रेस ने बिल को विपक्ष की सरकारों के लिए बताया मौत का वारंट

भाजपा नेता संजय जायसवाल ने कहा कि विपक्ष का आचरण इसलिए ऐसा था, क्योंकि इसके बाद ऑनलाइन गेमिंग का बिल लोकसभा में पास न हो सके, क्योंकि ये ऑनलाइन जुआ चलाने वाली कंपनियां TMC को 542 करोड़ रुपए केवल एक कंपनी ने दिया था। तो उस पैसे से TMC अपनी सरकार चला रही है। इसलिए उन्होंने लोकसभा स्थागित करने का प्रयास किया, लेकिन हमने ऑनलाइन गेमिंग का बिल पास किया। ये बहुत ही बड़ा ऐतिहासिक कदम है। मैं पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं। ये बिल विरोधी दल के खिलाफ नहीं है बल्कि ये सत्ताधारी दल के खिलाफ है ये हर प्रदेश के सीएम और मंत्री के खिलाफ बिल है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि यह बिल सबके लिए है। गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा में जो बिल पेश किया है, उस बिल को विरोधी दलों ने फाड़ने का प्रयत्न किया, यह अच्छी बात नहीं है। (BJP Attacks Opposition)

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने किया पलटवार

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस और पूरे विपक्ष की राजनीति ट्यूशन और ट्वीट पर चलती है। अगर कोई प्रधानमंत्री, सांसद या मंत्री जेल में बंद हो जाए, तो क्या उन्हें इस्तीफा नहीं देना चाहिए ? अमित शाह गुजरात के गृहमंत्री थे। क्या वह जेल नहीं गए? क्या उन्होंने जेल जाने से पहले इस्तीफा नहीं दिया ? उन्होंने अदालत से बरी होने तक कोई संवैधानिक पद नहीं संभाला। कर्नाटक में उमा भारती के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। उन्होंने मुख्यमंत्री की कुर्सी से इस्तीफा दिया और फिर कर्नाटक कोर्ट गईं। वह जेल नहीं गई, लेकिन क्योंकि उन्हें समन भेजा गया। इसलिए बीजेपी ने उनसे इस्तीफा लिया। उन्होंने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी पर हवाला का मामला दर्ज था। उन्होंने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया और बरी होने तक कोई चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन आज अरविंद केजरीवाल जैसे लोग जेल से ही मुख्यमंत्री बने हुए हैं। अगर ऐसा विधेयक लाया जा रहा है तो इसमें क्या गलत है ? इसमें प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे। (BJP Attacks Opposition)

भाजपा नेता दिलीप घोष ने भी साधा निशाना

दुबे ने कहा कि आपातकाल लागू होने के बाद एक संशोधन लाया गया था कि किसी भी तरह के अपराध के लिए प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती। अगर प्रधानमंत्री समानता के अधिकार के तहत अपराध करते हैं तो उन्हें दंडित किया जाना चाहिए। भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा कि यह बहुत गलत आचरण है। मैं समझता हूं कि इस प्रकार का आचरण विश्व की सबसे बड़ी पंचायत में शोभा नहीं देता। आज की तारीख में पूरी विश्व की नजर हमारी पंचायत पर है। जनता देख रही है और इनको अगले चुनाव में सबक सिखाएगी। भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि जिन लोगों को जेल जाने का डर है, उनको यह चिंता है कि अगर यह विधेयक पारित हो गया तो आगे क्या होगा। देश में भ्रष्टाचार चरम पर है। लोग बड़ा घोटाला करके चुनाव जीतते हैं, सत्ता में आते हैं। इससे समाज में निराशा की भावना पैदा हो रही है। यह विधेयक देश में लोकतंत्र को मजबूत करेगा। (BJP Attacks Opposition)

विपक्ष को करना चाहिए इसका स्वागत: बाबूलाल मरांडी 

झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने तीन विधेयकों के पेश होने को लेकर विपक्ष के विरोध पर कहा कि उनका विरोध समझ से परे है। विपक्ष को तो इसका स्वागत करना चाहिए। इस बिल में कहा गया है कि सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे हुए लोगों की अगर गिरफ्तारी हो जाती है और 30 दिनों के अंदर उनकी बेल नहीं होती है तो स्वत: ही अपने पद से मुक्त समझे जाएंगे। पिछले दिनों हम सभी ने देखा कि किस प्रकार से दिल्ली के मुख्यमंत्री जेल में रहते हुए भी मुख्यमंत्री पद से चिपके रहे थे। संविधान निर्माताओं को शायद नहीं पता था कि भविष्य में ऐसे भी नेता होंगे। अब इस कानून को बनाए जाने की आवश्यकता महसूस की गई। इससे समझा जा सकता है कि विपक्ष के लोग किस कदर भ्रष्टाचार और अपराध में लिप्त हैं। (BJP Attacks Opposition)

Back to top button
error: Content is protected !!