मां को लेकर PM मोदी की बात सुनकर भावुक हुए दिलीप जायसवाल, कहा- बिहार की धरती शर्मसार हो रही है

BJP Bihar President Jaiswal: बिहार के भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के दौरान भावुक हो गए। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार राज्य जीविका निधि क्रेडिट कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान वे अपनी मां की बात करते हुए भावुक हो गए, जिन्हें सुन रहे बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के भी आंसू छलक गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को 20 लाख मां, बहन, बेटी सुन रही थी। उन्होंने बताया कि मां, बहन, बेटी मनुष्य के लिए कितनी महत्वपूर्ण हैं, जिस प्रकार कांग्रेस-राजद के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गीय माताजी को गंदी गाली दी गई। इससे बड़ा कोई पाप नहीं हो सकता। बिहार की धरती शर्मसार हो रही है। इसलिए मेरी आंखें नम हो गई।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस के मंच से गाली, PM नरेंद्र मोदी ने कहा- यह देश की हर मां का अपमान
बिहार के डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कहा ने कहा कि हमें भी बहुत दुख है कि कांग्रेस और महागठबंधन ने इस तरह से लोकतंत्र को शर्मसार किया है। हम भी उस दर्द का एहसास कर सकते हैं जिससे प्रधानमंत्री गुजर रहे होंगे। लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली कोई और घटना इससे ज़्यादा दुर्भाग्यपूर्ण नहीं है कि एक राजनीतिक संगठन द्वारा प्रधानमंत्री की मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया हो। पूरा बिहार मर्माहत है और प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है। बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पीएम मोदी के स्वर्गीय माता को अपशब्द बोलकर अपने आपको अपमानित कर रहे हैं ये बिहार की जनता स्वीकार नहीं करेगी और जिस तरह से अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया लेकिन फिर भी राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के पार्टी के नेता के चेहरे पर शर्म का भाव नहीं है और कोई माफी नहीं मांगा ये दुर्भाग्यपूर्ण हैं। हम नारीशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण सोच से काम करते हैं, लेकिन INDI गठबंधन महिलाओं का अपमान करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर सख्ती जरूरी है बिहार की जनता ऐसे लोगों का बहिष्कार करेगी। इनको माफी मांगना चाहिए। केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह देश की हर मां का अपमान है। बिहार के लोग उन लोगों को सबक सिखाएंगे जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की मां को गालियां दी। भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि बिहार में एक राजनीतिक मंच पर विपक्ष के नताओं द्वारा पीएम मोदी की दिवंगत माता का अपमान पूरे देश को आक्रोशित करने वाला है, वो मां जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं, वो मां जिसने गरीबी में अपने परिवार के लिए संघर्ष किया ताकि अपने परिवार को संरक्षित रख सके, वो मां जो आज हमारे बीच नहीं है, ऐसी मां का अपमान हम सबको पीड़ा पहुंचाता है। मेरा मानना है कि देश और बिहार की माताएं-बहनें इस अपमान का मुंहतोड़ जवाब विपक्ष को देंगी।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि ये बात सच है कि आज पूरे देश खासकर बिहार की मां-बहन-बेटियां बहुत दुखी हैं। भारत की संस्कृति को किस ढंग से इन लोगों ने धूलि धूसरित करते हुए मां के प्रति इन शब्दों का प्रयोग किया है, वह बहुत ही दुख देने वाला है। राजद-कांग्रेस और INDI गठबंधन के लोगों को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। आने वाले दिनों में देश की जनता और खासकर बिहार की जनता जरूर INDI गठबंधन, कांग्रेस के लोगों और तेजस्वी यादव को इसका जवाब देने का काम करेगी। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि ये बहुत दुख की बात है कि उन्होंने प्रधानमंत्री की मां के लिए ऐसे शब्द बोले। उनको कोई पछतावा भी नहीं हुआ। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव तुरंत माफी मांगे, देश की एक-एक महिला से माफी मांगे। जिस प्रकार के शब्दों का उपयोग किया गया ये शोभा नहीं देता। ये हमारे देश की संस्कृति और संस्कार नहीं है।
LJP (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर कहा कि हम सभी के लिए गर्व की बात है कि उन्होंने(प्रधानमंत्री मोदी) इस विषय पर बात की। हमारी भाषा में कई ऐसे शब्द हैं, जिनका प्रयोग करके आप कड़ी निंदा कर सकते हैं। आपकी आलोचनाओं और प्रश्नों का जवाब देने के लिए सरकार है… न केवल जनप्रतिनिधियों को बल्कि हर घर में इसके खिलाफ आवाज उठनी चाहिए। राजनीति में अगर यह भी सामान्य हो जाएगा तो हर घर में बच्चे क्या सीखेंगे ? राजद और कांग्रेस के लोगों ने जिस तरह से हमारे प्रधानमंत्री को अपमानित किया है, इस चुनाव में उन्हें इसका करारा जवाब भी मिलेगा।
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष और भाजपा नेता अपर्णा बिष्ट यादव ने प्रधानमंत्री मोदी की अपनी मां के खिलाफ अपमानजनक शब्दों पर प्रतिक्रिया देने पर कहा कि इतनी अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी, प्रधानमंत्री की मां के बारे में कहना सबसे पहले तो बहुत गलत बात है… ऐसी अशोभनीय बात के लिए प्रधानमंत्री का सार्वजनिक मंच से बोलना, इससे जनता के बीच अच्छा संदेश गया है। बिहार में जहां मां जानकी की पूजा होती है और किशोरी जी को अपनी बेटी माना जाता है, वहां पर किसी की माताजी के लिए इस तरह की टिप्पणी करना कितना गलत है। मेरा प्रधानमंत्री से कर्बद्ध निवेदन है कि जिन लोगों ने यह अभद्र टिप्पणी की है उनके खिलाफ कार्रवाई हो।
UP के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राजद, कांग्रेस और सपा ने राजनीति के स्तर को इतना नीचे तक पहुंचाने का पाप किया है कि उसके लिए बिहार की जनता ही नहीं बल्कि देश की जनता भी ऐसे पार्टियों को क्षमा नहीं करेगी। पीएम मोदी का भावुक होना स्वाभाविक है किसी के स्वर्गीय मां जो इस दुनिया में नहीं हैं और जिनका जीवन अपने परिवार तक सीमित था उनके प्रति ऐसे अपशब्दों का प्रयोग करना ये सिर्फ पीएम मोदी की मां का अपमान नहीं है बल्कि इस देश की हर उस मां का अपमान है जो देश, गरीब, समाज,किसान और महिलाओं के लिए दिन रात काम कर रहा हो। इसके लिए कांग्रेस, राजद के नेताओं ने माफी भी नहीं मांगी। तो बिहार की जनता और मातृशक्ति इन्हें माफ नहीं करेगी ।आज पीएम मोदी के भावक होने से हम सब दुखी हैं बिहार और देश का हर नागरिक दुखी है। बिहार की जनता इसका करार जवाब देगी। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि पिछले 11 सालों से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनिश्चित किया है कि महिला के नेतृत्व में विकास के मूल मंत्र को आत्मसात करके भारत विकसित भारत के लक्ष्य की तरफ कूच कर रहा है। दूसरी तरफ कांग्रेस और RJD के संस्कार विहीन नेता तू-तड़ाक की भाषा का प्रयोग करते हैं और सार्वजनिक तौर पर उनके मंच से पीएम मोदी की मां के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है।



