लोकसभा चुनाव के लिए BJP का जगदलपुर से आगाज, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कसी कमर

BJP Lok Sabha Preparation: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद BJP अब लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। BJP ने जगदलपुर से इसका आगाज भी कर दिया है। शनिवार को मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर जगदलपुर में आयोजित कार्यकर्ता अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल हुए। साथ ही उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंका। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि विपक्षी दलों का इंडी गठबंधन हो या फिंडी गठबंधन भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने वे कुछ भी नहीं हैं।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में अब हर सोमवार को लगेगी जनचौपाल, सुबह 11 से 1 बजे तक कलेक्टर सुनेंगे समस्याएं

माथुर ने कहा कि जब तक छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटें भाजपा जीत नहीं जाती, तब तक न वे बैठेंगे और न किसी और को बैठने देंगे। न खुद सोएंगे और न ही कार्यकर्ताओं को सोने देंगे। कार्यकर्ता अथक परिश्रम का परिणाम विधानसभा चुनाव में देख चुके हैं। अब लोकसभा चुनाव में भी नतीजे देखेंगे। ओम माथुर ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वगुरु बनने की ओर भारत लगातार अग्रसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी इस बात का संकल्प लें कि जब तक भारत को फिर से विश्वगुरु नहीं बना देंगे, तब तक न रुकेंगे और न थकेंगे। माथुर ने कहा कि पिछले दिनों विपक्षी दलों के गठबंधन की बैठक में सभी नेता आपस में लड़ते रहे। जबकि भाजपा कार्यकर्ता अनुशासित होकर उच्च पदाधिकारियों की बात का शब्दश: पालन करते हैं। (BJP Lok Sabha Preparation)

उन्होंने कहा कि यही जीत की कुंजी भी है। वहीं सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलवाद का समूल नाश करने पर काम होगा। बता दें कि बस्तर संभाग में कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद दुर्ग संभाग में भी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन हुआ। दरअसल, विधानसभा चुनाव में 54 सीटें जीतने का श्रेय अपने कार्यकर्ताओं को देते हुए भाजपा संभागवार कार्यकर्ताओं का अभिनंदन कर रही है। बता दें कि 2018 के चुनाव में भाजपा के 15 सीटों पर सिमटने में कार्यकर्ताओं की नाराजगी को भी एक कारण माना गया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, वन मंत्री केदार कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। साथ ही सभी 11 सीटें जीतने का संकल्प लिया। (BJP Lok Sabha Preparation)

Related Articles

Back to top button