Google Analytics —— Meta Pixel

BJP विधायक से साइबर ठगी, ‘मैं नितिन नवीन का PA बोल रहा हूं’ कहकर ऐंठे 10 हजार

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक Purandar Mishra को ठगों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता Nitin Nabin के नाम का इस्तेमाल कर अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने खुद को नितिन नवीन का निजी सहायक (PA) बताते हुए विधायक से पैसों की मांग की और 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। मामले में Khamhardih Police Station में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

डीजल डलवाने के नाम पर मांगे पैसे

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को भाजपा नेता नितिन नवीन का PA बताया। बातचीत के दौरान उसने वाहन में तत्काल डीजल डलवाने की जरूरत बताते हुए पैसों की मांग की। राजनीतिक पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने विधायक को विश्वास में ले लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो अलग-अलग बार में रकम ट्रांसफर करवाई। पहले 4500 रुपए और फिर 5500 रुपए खाते में डलवाए गए। विधायक पुरंदर मिश्रा ने Jagannath Temple Raipur के सेवक नारायण मिश्रा को पैसे भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सेवक ने बताए गए बैंक खाते में कुल 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

दोबारा पैसों की मांग पर हुआ शक

कुछ देर बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की। लगातार रकम मांगने और बातचीत में संदिग्धता महसूस होने पर मामले की पड़ताल की गई। जांच में सामने आया कि फोन करने वाला व्यक्ति फर्जी तरीके से खुद को भाजपा नेता का निजी सहायक बताकर ठगी कर रहा था। इसके बाद नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

साइबर टीम खंगाल रही बैंकिंग ट्रेल

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच शुरू कर दी है। वहीं क्राइम ब्रांच की साइबर टीम आरोपी की लोकेशन और बैंकिंग ट्रेल खंगालने में जुटी हुई है।

यह भी पढ़े :- मानसून से पहले रायपुर की तैयारी अधूरी, नालों की सफाई पर उठे सवाल, फिर जलभराव का खतरा

Back to top button
error: Content is protected !!