मानसून से पहले रायपुर की तैयारी अधूरी, नालों की सफाई पर उठे सवाल, फिर जलभराव का खतरा

Preparation For Monsoon Raipur: रायपुर में मानसून की दस्तक से पहले नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े होने लगे हैं। हर साल बारिश के दौरान जलभराव और डूबती सड़कों की तस्वीरें सामने आती हैं, लेकिन इस बार भी शहर के बड़े नालों की सफाई का काम अधूरा नजर आ रहा है। ऐसे में शहरवासियों को डर सता रहा है कि कहीं इस बार भी राजधानी बारिश में पानी-पानी न हो जाए। अब लोगों की निगाहें प्रशासन और नगर निगम की तैयारियों पर टिकी हैं। मानसून आने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, लेकिन राजधानी की व्यवस्था अभी भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं दिखाई दे रही। शहर के कई बड़े नालों में अब भी झाड़ियां, प्लास्टिक कचरा, सिल्ट और मलबा जमा है।
यह भी पढ़ें:- रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में लू का बढ़ा खतरा, कोंडागांव से जगदलपुर तक सूरज उगल रहा आग, दोपहर में बाहर निकलने से बचें
हर साल तेज बारिश के दौरान रायपुर के कई इलाके जलमग्न हो जाते हैं, सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं और लोगों को घंटों जाम से परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते नालों की सफाई नहीं हुई तो पहली ही तेज बारिश में हालात बिगड़ सकते हैं। नगर निगम ने इस साल नाला और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने के लिए करोड़ों रुपए के बजट का प्रावधान किया है, लेकिन जमीनी स्तर पर तैयारियां अधूरी दिखाई दे रही हैं। शहर के प्रमुख नाले अब भी गंदगी से पटे हुए हैं। इसे लेकर विपक्ष ने भी नगर निगम और महापौर पर सवाल उठाए हैं। रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नगर निगम प्रशासन और महापौर को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अगर समय रहते सफाई कार्य नहीं हुआ तो इस बार भी राजधानी बारिश में डूब सकती है।

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी का आरोप है कि निगम हर साल बड़े दावे करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम समय पर पूरा नहीं हो पाता। वहीं रायपुर की महापौर मीनल चौबे का कहना है कि नगर निगम की तैयारियां व्यापक स्तर पर चल रही हैं और जलभराव जैसी स्थिति से निपटने के लिए निगम अमला पूरी तरह तैयार है। निगम का दावा है कि संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष व्यवस्था की जा रही है। हालांकि 23 मई को हुई हल्की बारिश ने ही नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। कई इलाकों में जलभराव जैसी स्थिति देखने को मिली। रायपुर नगर निगम के 10 जोन और 70 वार्डों में हर साल बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। खासकर निचली बस्तियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में हालात ज्यादा खराब हो जाते हैं। कई प्रमुख चौक-चौराहों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित होता है।

राजधानी के जिन इलाकों में हर साल जलभराव की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है, उनमें मौदहापारा, जय स्तंभ चौक, प्रोफेसर कॉलोनी, आनंद नगर, जलविहार कॉलोनी, तेलीबांधा, सद्दू, दलदल सिवनी, कचना, गुढ़ियारी का अशोक नगर, खालवाड़ा, राजातालाब, शंकर नगर और अवंती विहार शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के दौरान सड़कों और कॉलोनियों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। अगर शहर के बड़े नालों की बात करें तो अरमान नाला, जब्बार नाला, मौदहापारा नाला, चिंगारी नाला और छोकरा नाला प्रमुख हैं। इन नालों की नियमित और समय पर सफाई को लेकर हर साल सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की क्षमता कम होने और गाद जमा होने के कारण पानी निकासी प्रभावित होती है। (Preparation For Monsoon Raipur)
![]()
इस बीच मौसम विभाग ने भी मानसून को लेकर संकेत दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक केरल में मानसून पहुंचने की सामान्य तारीख 1 जून मानी जाती है, हालांकि फिलहाल मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां पूरी तरह विकसित नहीं हुई हैं। मौसम विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। सामान्य तौर पर केरल पहुंचने के करीब 10 दिन बाद मानसून छत्तीसगढ़ पहुंचता है। ऐसे में प्रदेश में मानसून की सामान्य एंट्री 12 जून के आसपास मानी जाती है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने के बाद ही स्पष्ट तौर पर बताया जा सकेगा कि मानसून प्रदेश में कब दस्तक देगा। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार बारिश से पहले राजधानी की तैयारी पूरी हो पाएगी या फिर हर साल की तरह रायपुरवासियों को जलभराव और बदहाल यातायात की परेशानी झेलनी पड़ेगी।




