Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान से गरमाई सियासत, बीजेपी ने कहा- हार की हताशा में देश को गाली दे रहे राहुल

BJP on Rahul Gandhi: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी का आज का बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और कहीं न कहीं उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है। मैं मानता हूं कि भारतीय राजनीति में जहां सुचिता, सामाजिकता और एक-दूसरे को सम्मान देने की प्रक्रिया है, उसमें उनका यह बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं मानता हूं कि लगातार हो रही हार, निराशा कहीं न कहीं उनके स्वभाव और चरित्र में दिख रही है। आज हम भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हैं। 

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने PM मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को कहा गद्दार

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद पर पूर्ण रूप से लगाम लगाने का काम किया गया है। क्या नक्सलवाद को खत्म करना गद्दारी है?, क्या देश की जमीन को सुरक्षित रखना गद्दारी है?, क्या तिरंगे का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ाना गद्दारी है? केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी निराश हैं। सत्ता ना मिलने के कारण निराशा है। वे मोदी जी को गाली नहीं दे रहे हैं देश को गाली दे रहे हैं। वो निराशा में निकल रहा है। पूरी दुनिया केवल नरेंद्र मोदी ही ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने केवल 3.2% की वृद्धि की है, नहीं तो 110% तक की वृद्धि हुई है। वे 5 दिन के दौरे पर विदेश गए हैं तो भारत को मजबूत करने के लिए। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जिस प्रकार की भाषा राहुल गांधी ने OBC समाज, गरीब समाज से आने वाले प्रधानमंत्री के लिए की है, उन्हें गद्दार कहा वह दिखाता है कि उनके संस्कार कैसे हैं। (BJP on Rahul Gandhi)

पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कई गालियां दी हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री OBC, गरीब समाज से आते हैं। इसलिए उन्हें बार-बार गाली देने का काम ये लोग करते हैं। यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है, जहां तक गद्दारी की बात है तो राहुल गांधी अपने परिवार का इतिहास देख लें, हर क्षण गद्दारी करने का काम किसने किया है? हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा कि हर क्षेत्र में हमारी सरकार के देखरेख में तरक्की हो रही है। आपको कम से कम जनता का फैसला तो मानना चाहिए। आप लगभग 95 चुनाव हार चुके हैं। लोकतंत्र में सबसे बड़ा जज जनता होती है और जनता आपको कदम-कदम पर हरा रही है, नकार रही है और भाजपा को ठीक मान रही है। इसलिए आज 22 से ज्यादा प्रदेशों में भाजपा की सरकार है। आपको जनता का फैसला मानना चाहिए।

भाजपा नेता मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं वहां से कुछ ना कुछ डील करके, कुछ लेकर आते हैं। प्रधानमंत्री जी का एक भी दौरा बेकार नहीं होता है। घूमने फिरने के लिए नहीं होता है, बिना मतलब के किसी देश का भ्रमण नहीं करते हैं। वहीं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि पूरा देश जानता है कि राहुल गांधी दिल के साफ आदमी हैं। दिल में जो बात आती है वे जबान पर लाते हैं, राजनीति नहीं करते हैं। राहुल गांधी जिस प्रकार से बार-बार सरकार का आगाह करते हैं, लगातार वे नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। सरकार को समझना चाहिए कि नेता प्रतिपक्ष का एक महत्व होता है। राहुल गांधी देश की चिंता कर रहे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!