PM मोदी पर राहुल गांधी के बयान से बढ़ा सियासी संग्राम, BJP ने बताया लोकतंत्र का अपमान

BJP on Rahul Statement: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर दिए बयान पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की देश में जमीन खिसक चुकी है। अब वह कांग्रेस रही नहीं, जो कांग्रेस आजादी के समय थी। यह माओवादी, मुस्लिम कांग्रेस बन गई है। प्रधानमंत्री मोदी को जितनी गालियां इन लोगों ने दी है। ये लोग चाहे जितनी गालियां दें, देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी को प्यार करती है। राहुल गांधी भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हैं, बेल पर हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के लिए जिस भाषा का इस्तेमाल किया वह भाषा नेता प्रतिपक्ष की नहीं हो सकती। प्रधानमंत्री मोदी हर संकट में देश के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे।
यह भी पढ़ें:- ईरान में ‘रिजीम चेंज’ का सीक्रेट प्लान फेल ? ट्रंप-नेतन्याहू का ‘मिशन अहमदीनेजाद’ क्यों नहीं हो पाया कामयाब ?
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह उनके मानसिक दिवालिएपन का द्योतक है। एक मर्यादा होती है, समालोचना करनी चाहिए, लेकिन इस तरह स्तरहीन आचोलना नहीं करनी चाहिए। हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी खत्म इसी कारण से हो रही है, क्योंकि न तो विजन, न नीति है , न नेतृत्व है जो मुंह में आता है वो बोल देते हैं। उन्हें माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो कांग्रेस जो बची-खुची वो खत्म हो जाएगी। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि राहुल गांधी के परिपक्व होने की मैं प्रतीक्षा कर रहा हूं। ये नेता प्रतिपक्ष की भाषा नहीं है, ये कांग्रेस के नेता की भी भाषा नहीं है। इस प्रकार के वक्तव्य देना उचित नहीं है। सामान्य शिष्टाचार का पालन राजनीति में हमेशा होना चाहिए।
राहुल गांधी को कूटनीति का ‘क’ नहीं पता: सिंह
भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को कूटनीति का ‘क’ नहीं पता है। किस प्रकार से कूटनीति के अंदर निजी संबंध काम आते हैं किस प्रकार से देश के हित में रणनीतिक हित के लिए क्या-क्या कदम उठाए जाते हैं इसका राहुल गांधी को जानकारी नहीं है इसलिए उनका मेलोडी को लेकर या और किसी और शब्द को लेकर बोलने का मतलब नहीं। उनको कूटनीति पहले सीखनी चाहिए फिर बोलना चाहिए। बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि राहुल गांधी के पास शब्द नहीं है। जब व्यक्ति शब्दों का चयन नहीं कर पाता है और शब्दों की कमी हो जाती है, तो व्यक्ति इसी तरह की टिप्पणी करता है, जो असंवैधानिक है और जो नहीं बोलना चाहिए। उनके पास कोई विचारधारा नहीं है।
मैथिली ठाकुर ने PM मोदी और राहुल में बताया फर्क
बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि राहुल गांधी इन्हीं बातों में लगे रहते हैं। उपहार तो किसी भी स्वरूप में दिया जा सकता है, लेकिन कांग्रेस पार्टी के नेता इसे हल्के ढंग में ले रहे हैं, उपहास उड़ा रहे हैं। राहुल गांधी की मानसिक हालत ठीक नहीं है। लगातार हार का सामना उन्हें करना पड़ रहा है। इसी आक्रोश में वे ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि हम विपक्ष से क्या उम्मीद कर सकते हैं एक भाषा का चयन करना बहुत जरूरी है, लेकिन कुछ कारण है, इसलिए राहुल गांधी, राहुल गांधी हैं और पीएम मोदी, पीएम मोदी हैं। ये अंतर साफ-साफ लोग भी देख सकते हैं। भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि राहुल गांधी जब आपकी UPA की सरकार थी, तब इटली से भारत को क्या मिला? 3600 करोड़ की लूट, घोटाले। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने उसी इटली के साथ विशेष रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है।
कांग्रेस इटली से भ्रष्टाचार लेकर आई थी: चुग
चुग ने कहा कि कांग्रेस इटली से भ्रष्टाचार लेकर आई थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इटली के साथ साझेदारी दी है। दुनिया का हर बड़ा देश आज भारत की तरफ झुका है। तरुण चुघ ने आगे कहा कि राहुल गांधी हताशा, निराशा कुंठा के साथ कभी देश के खिलाफ बोलते हैं, कभी भारत की सेना के खिलाफ बोलते हैं, अपने विदेशी आंका जॉर्ज सोरोस और चीन के नेता को खुश करने के लिए राहुल गांधी लगातार भारत के सनातन, पीएम मोदी और देश की संस्थाओं के खिलाफ बोलते हैं। देश राहुल गांधी को माफ नहीं करेगा। RLD सांसद मलूक नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री दुनिया के 5 देशों के दौरे पर बड़े-बड़े MoUs पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी कह रहे हैं हमारे प्रधानमंत्री गद्दार हैं। किसी को भी प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी बात नहीं कहनी चाहिए। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष ऐसे बयान देते हैं। कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ है, उन्हें जवाब देना पड़ेगा।
राहुल का बयान लोकतंत्र का अपमान: CM यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बहुत दुर्भाग्य की बात है कि एक नेता प्रतिपक्ष के मुंह से ऐसी भाषा का प्रयोग किया जाना ये लोकतंत्र का अपमान है। आप नीतिगत बात करो तो समझ आती है जिस तरह की भाषा ये बोल रहे हैं मुझे लगता है इन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और कांग्रेस पार्टी को उन पर कार्रवाई करना चाहिए। राजस्थान सरकार में मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और संगठन की देशभक्ति का प्रमाण पत्र राहुल गांधी से लेने की जरूरत नहीं है। देश ने राहुल गांधी पर जो रिपोर्ट कार्ड तैयार किया है वो उन्होंने देख लिया है। जब उनके परिवार की सत्ता की जिम्मेदारी थी तब देश में क्या हो रहा था? केवल घोटाले की चर्चा होती थी। जिसके पास संवैधानिक शक्ति थी उसके पास राजनीतिक ताकत ही नहीं थी। जिसके पास राजनीतिक ताकत थी उसके पास कोई जवाबदेही नहीं थी। वो गद्दारी होती है।
राहुल गांधी RSS से नहीं डरते: कांग्रेस सांसद माथेर
कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा कि राहुल गांधी RSS से नहीं डरते, यह पूरे देश को पता है। प्रधानमंत्री लोगों को वर्क फ्रॉम होम करने के लिए कहते हैं, कहते हैं कि सबको यात्रा कम करनी चाहिए लेकिन वे खुद घुम रहे हैं। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी युवा नेता के रूप में देश को आगाह करते हैं। यह उनका कर्तव्य है और वे इसे निभा रहे हैं। आज सब चिंतित हैं। देश किस दिशा में जाएगा किसी को नहीं पता है। राहुल गांधी की भावना है कि देश एक रहे और अखंड रहे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी, विपक्ष के नेता के तौर पर लगातार मुद्दे उठा रहे हैं। जब वह सच बोलते हैं, तो इससे उन्हें परेशानी हो रही है। कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी ने बात उठाई है वे विपक्ष के नेता है तो वो बात उठाएंगे ही। ऐसा थोड़ी है कि सरकार सिर्फ बोले, जहां लोगों की बात होगी और देश की बात होगी तो ये हमारा दायित्व है कि उस मुद्दों को उठाएंगे।
सरकार के कथनी और करनी में फर्क है: उज्ज्वल
कर्नाटक के डिप्टी CM डी.के. शिवकुमार ने कहा कि NEET की समस्या इस देश के युवाओं की समस्या है। एक पॉलिटिकल लीडर होने के नाते, विपक्ष के नेता का यह फर्ज है कि वह सवाल पूछें इसलिए सरकार की तरफ़ से, अगर वह (PM) जवाब नहीं देते हैं, तो किसी की क्या गारंटी है? इसलिए, सभी स्टूडेंट्स और पेरेंट्स भविष्य को लेकर परेशान हैं। उन्हें हमें बताना चाहिए कि क्या एक्शन लिया गया है और क्या किया जाना है। कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने कहा कि PM मोदी खुद अपील करते हैं कि सोना मत खरीदें, विदेश मत जाए, WFH करिए लेकिन वो खुद विदेश यात्रा पर गए यानी उन्होंने जो नियम बनाए उसे वह खुद थोड़ रहे हैं तो मैं तो सिर्फ इतना कहूंगा सरकार के कथनी और करनी में फर्क है। सरकार इस चीज को गंभीरता से नहीं ले रही है लोगों को अंधेरे में रखा जा रहा है कितना बड़ा आर्थिक संकट है इस बात की जानकारी आम इंसान को नहीं है। महंगाई के मार से हर इंसान परेशान है।
एशिया नहीं, भारत की हालत बहुत गंभीर: राउत
शिवसेना(UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि एशिया नहीं, भारत की हालत बहुत गंभीर है। प्रधानमंत्री मोदी इटली जाकर आए हैं तो लगता है कि भारत की स्थिति सुधर जाएगी। भारत की आर्थिक हालत बहुत खराब है। बेरोज़गारी बढ़ रही है। प्रधानमंत्री क्या करने वाले हैं? देश को उपदेश देते हैं और खुद विदेश चले जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, वे सोच-समझकर बात करते हैं। इस प्रकार की भाषा इस्तेमाल करने की नौबत सिर्फ राहुल गांधी पर नहीं देश के अन्य नेताओं पर भी आ रही है, इसपर भाजपा और RSS को चिंतन करना चाहिए कि लोग क्यों इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि महंगाई मध्यवर्ग की कमर तोड़ रही है। अभी ये और बढ़ेगा, लेकिन सरकार इसके लिए तैयार नहीं थी। सरकार कहती रही कि किसी चीज की कोई कमी नहीं है। आज गरीब आदमी पर बहुत बड़ा संकट है।



