आपातकाल की बरसी पर भाजपा का हमला: अजय चंद्राकर बोले- “कांग्रेस के ताज में हैं आपातकाल और सिख दंगे जैसे नगीने”
रायपुर। 25 जून 1975 को लगे आपातकाल की बरसी पर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को “संविधान हत्या दिवस” मनाया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखे शब्दों में हमला बोलते हुए इसे लोकतंत्र पर सबसे बड़ा आघात बताया।
पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि आपातकाल और 1984 के सिख दंगे कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास के काले अध्याय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “कांग्रेस के डीएनए में लोकतंत्र की हत्या, असहिष्णुता और विरोधियों का दमन शामिल है।”
चंद्राकर ने कहा कि आज की पीढ़ी को इन घटनाओं के बारे में जानना चाहिए, ताकि वे लोकतंत्र के महत्व को समझ सकें।
उन्होंने सवाल किया कि आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकार क्यों निलंबित किए गए? साथ ही उन्होंने कहा, “कांग्रेस आज माफी मांगे या न मांगे, इससे फर्क नहीं पड़ता, लेकिन इतिहास की सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता।”
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं पर निशाना साधते हुए चंद्राकर ने कहा, “भूपेश बघेल, चरणदास महंत, दीपक बैज और टीएस सिंहदेव जब कांग्रेस का राजनीतिक अंत होगा, तब उसे कंधा देने के लिए सबसे आगे खड़े होंगे।”
कांग्रेस में कथित अंदरूनी कलह पर भी चंद्राकर ने तंज कसा। उन्होंने कहा, “अगर पार्टी में अंतर्कलह नहीं है तो नेता प्रतिपक्ष किस पर लाठी चलाते हैं? क्या वे भाजपा पर चलाएंगे? वे किसके कहने पर वहां पहुंचे थे?”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के रायपुर दौरे को लेकर भी चंद्राकर ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “खड़गे जी के नेतृत्व में हुए पिछली बार के अधिवेशन के बाद कांग्रेस चुनाव हार गई थी। अब फिर भाषण होंगे और फिर भाजपा की जीत का रास्ता साफ हो जाएगा।”
Error: Contact form not found.



