BRICS Summit 2026 Begins: PM मोदी ने कहा- BRICS किसी के खिलाफ नहीं, अगले 20 साल के लिए नए एजेंडे पर करना होगा काम

BRICS Summit 2026 Begins: राजधानी दिल्ली में 18वें BRICS समिट की औपचारिक शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में BRICS समिट 2026 का उद्घाटन किया और सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों-प्रतिनिधियों का भारत में स्वागत किया। सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली और अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की BRICS अध्यक्षता पीपल सेंट्रिक और ह्यूमैनिटी फर्स्ट अप्रोच पर आधारित रही है। भारत ने अपनी अध्यक्षता के दौरान लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता को प्राथमिकता दी। साथ ही BRICS के कामकाज को आम लोगों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
यह भी पढ़ें:- जनहित के मुद्दों पर वतन चन्द्राकर ने अधिकारियों को घेरा, जिला पंचायत की सामान्य सभा में सवालों की बौछार
PM मोदी ने बताया कि भारत की अध्यक्षता के दौरान 350 से ज्यादा बैठकों का आयोजन किया गया। BRICS देशों की टीमों का करीब 30 शहरों में स्वागत करने का अवसर भारत को मिला। उन्होंने BRICS सहयोग को सफल बनाने में सदस्य देशों के योगदान और समर्थन के लिए सभी का आभार जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस साल का BRICS सम्मेलन एक ऐतिहासिक पड़ाव है, क्योंकि संगठन अपनी स्थापना के 20 साल पूरे कर रहा है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में 20 साल की उम्र परिपक्वता और जिम्मेदारी के नए चरण की शुरुआत मानी जाती है। इसी तरह BRICS भी अब अपने ‘कमिंग ऑफ एज’ के दौर में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 सालों में BRICS ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। संगठन की सोच किसी एक देश या समूह के खिलाफ जाने की नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलने की है।
अध्यक्षता बदलने से नहीं रुकनी चाहिए BRICS की रफ्तार: PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि अब समय आ गया है कि BRICS की एकता और आपसी सहमति को वैश्विक मंच पर ठोस परिणामों में बदला जाए। उन्होंने अगले 20 सालों के लिए एक नया और महत्वाकांक्षी एजेंडा तैयार करने की जरूरत पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS के कामकाज में निरंतरता बनाए रखने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि BRICS की अध्यक्षता हर साल बदलती है, लेकिन अध्यक्षता बदलने की वजह से संगठन की संस्थागत गति नहीं रुकनी चाहिए। PM मोदी ने ‘निरंतरता और कार्यान्वयन तंत्र’ बनाने का प्रस्ताव दिया। इसके तहत BRICS ट्रोइका के माध्यम से अलग-अलग पहलों और लिए गए फैसलों के फॉलोअप की व्यवस्था की जा सकेगी। उन्होंने एक सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने का सुझाव भी दिया, जिसमें हर फैसले की जिम्मेदारी किसकी है, उसे कब तक पूरा किया जाना है और उस पर कितना काम हुआ है, इसकी जानकारी दर्ज हो। इससे BRICS के फैसलों को जमीन पर उतारने और उनकी निगरानी करने में मदद मिल सकेगी। (BRICS Summit 2026 Begins)
ग्लोबल गवर्नेंस में सुधार की जरूरत: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा ग्लोबल गवर्नेंस का ढांचा पिरामिड की तरह दिखाई देता है। इसके ऊपरी हिस्से में शक्ति और निर्णय लेने की प्रक्रिया केंद्रित है, जबकि निचले हिस्से में वे देश हैं, जो इन फैसलों से प्रभावित तो होते हैं, लेकिन उन्हें आकार देने में उनकी भूमिका सीमित रहती है। PM मोदी ने कहा कि ग्लोबल साउथ आज वैश्विक संकटों की फ्रंट रो में है, लेकिन निर्णय लेने की प्रक्रिया में बैक रो में है। ऐसे में वैश्विक संस्थाओं और निर्णय लेने की व्यवस्था में व्यापक सुधार जरूरी है। प्रधानमंत्री ने भविष्य के वैश्विक नियम तय करने में समान भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि AI, साइबरस्पेस, बाहरी अंतरिक्ष, बायोटेक्नोलॉजी और अन्य अहम तकनीकी क्षेत्र भविष्य के अवसरों के साथ-साथ भविष्य के नियम भी तय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ के देशों को केवल दूसरे देशों के बनाए गए नियमों का पालन करने वाला नहीं, बल्कि नियम बनाने और उन्हें आकार देने वाला बनाना होगा।
सीफेरर्स के लिए इमरजेंसी सपोर्ट नेटवर्क का प्रस्ताव
PM मोदी ने BRICS के माध्यम से ग्लोबल साउथ के युवा राजनयिकों और नीति-निर्माताओं को बातचीत के कौशल, व्यावहारिक प्रशिक्षण और कानूनी विशेषज्ञता उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। BRICS सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक व्यापार में सीफेरर्स यानी समुद्री नाविकों की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार में सीफेरर्स का बहुत बड़ा योगदान है, लेकिन मुश्किल परिस्थितियों में उन्हें तत्काल मदद की जरूरत होती है। PM मोदी ने ‘सीफेरर इमरजेंसी सपोर्ट नेटवर्क’ बनाने का प्रस्ताव रखा। इसके जरिए संकट के समय अलर्ट जारी करने, मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने, परिवार को सूचना देने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित निकालने जैसे कामों में सहयोग किया जा सकेगा। BRICS देशों के बीच संयुक्त बयान जारी करने पर भी सहमति बनी है। यह सहमति ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है और BRICS के सदस्य देशों के कई मुद्दों पर अलग-अलग रुख हैं। (BRICS Summit 2026 Begins)

भारत ने सदस्य देशों के बीच बातचीत और संवाद के जरिए मतभेदों को दूर करने समेत साझा सहमति बनाने पर जोर दिया है। इसी प्रयास के बीच संयुक्त बयान पर सहमति को BRICS की एकजुटता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। BRICS सम्मेलन के लिए भारत मंडपम को विशेष रूप से सजाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मेलन स्थल पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत BRICS नेताओं का स्वागत किया। स्वागत मंच पर रामेश्वरम के प्रसिद्ध रामनाथस्वामी मंदिर की तस्वीर भी लगाई गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को मंदिर के बारे में जानकारी दी। BRICS नेताओं के भारत मंडपम पहुंचने के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की अलग-अलग राष्ट्राध्यक्षों के साथ मुलाकात और बातचीत भी हुई। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान समेत कई प्रमुख नेता सम्मेलन में पहुंचे। (BRICS Summit 2026 Begins)
बंद कमरे में नेताओं की बैठक
ब्राजील की ओर से विदेश मंत्री मौरो विएरा ने प्रतिनिधित्व किया। वहीं BRICS सम्मेलन के दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिज़ेंकोव से भी मुलाकात की। सम्मेलन के दौरान BRICS सदस्य देशों के नेताओं की बंद कमरे में बैठक भी हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत अन्य सदस्य देशों के नेता शामिल हुए। बैठक में BRICS के भीतर सहयोग बढ़ाने, वैश्विक चुनौतियों, ग्लोबल साउथ की भूमिका और संगठन के भविष्य के एजेंडे को लेकर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में साफ किया कि BRICS अब अपनी स्थापना के शुरुआती दौर से आगे निकल चुका है और संगठन को आने वाले 20 वर्षों के लिए अधिक प्रभावी, जिम्मेदार और परिणाम देने वाली भूमिका निभानी होगी। प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन करीब 11 मिनट 30 सेकंड तक चला। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने बार-बार इस बात पर जोर दिया कि BRICS किसी के विरुद्ध खड़ा होने वाला मंच नहीं है, बल्कि आपसी सहयोग, सहमति और सभी को साथ लेकर चलने की सोच के साथ आगे बढ़ने वाला समूह है।



