BRICS Summit 2026: दिल्ली में जुटे दुनिया के दिग्गज नेता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों के साथ द्विपक्षीय बैठकें

BRICS Summit 2026: राजधानी दिल्ली में 18वें BRICS समिट के दौरान दुनिया के कई बड़े नेताओं का जमावड़ा लगा है। भारत की अध्यक्षता में हो रहे इस सम्मेलन में BRICS सदस्य देशों के साथ-साथ साझेदार देशों और अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन का आयोजन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में किया जा रहा है। इस साल भारत की BRICS अध्यक्षता की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” है। सम्मेलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कर रहे हैं। इन मुलाकातों में व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा, तकनीक, ऊर्जा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, सेमीकंडक्टर, शिक्षा और क्षेत्रीय समेत वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
यह भी पढ़ें:- CG Crime: टोनही होने के शक में बेटे ने की मां की हत्या, डंडे से पीटकर उतारा मौत के घाट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग से मुलाकात की। वियतनाम के प्रधानमंत्री पहली बार BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं और वियतनाम दूसरी बार BRICS में साझेदार देश के तौर पर शामिल हो रहा है। बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-वियतनाम संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों देशों के रिश्तों को मई 2026 में वियतनाम के कम्युनिस्ट पार्टी महासचिव और राष्ट्रपति टो लाम की भारत यात्रा के दौरान उन्नत समग्र रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। दोनों नेताओं ने आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। भारत और वियतनाम के रिश्ते लंबे समय से चली आ रही सभ्यतागत विरासत, विश्वास और आपसी समझ पर आधारित हैं। वियतनाम भारत की एक्ट ईस्ट नीति में महत्वपूर्ण साझेदार है। वियतनाम के विदेश मंत्री ले होआई ट्रुंग भी BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। (BRICS Summit 2026)

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से अहम बैठक
प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS सम्मेलन से इतर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान लिए गए फैसलों और उसके बाद हुई प्रगति की समीक्षा की। बैठक में व्यापार और निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान मलेशिया ने सबा के कोटा किनाबालु में भारत का महावाणिज्य दूतावास स्थापित करने के लिए अपनी सहमति से भी अवगत कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान-भारत संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के समर्थन की सराहना की। भारत सरकार के सूत्रों के मुताबिक बैठक में रक्षा सहयोग बढ़ाने, संयुक्त रूप से कर्मियों की ट्रेनिंग और भारत से रक्षा उपकरणों की खरीद जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा मलेशिया के साथ सेमीकंडक्टर क्षेत्र में नए अवसरों पर भी बातचीत हुई। (BRICS Summit 2026)
इथियोपिया के प्रधानमंत्री अहमद से रणनीतिक बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने भारत-इथियोपिया रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की। बातचीत में आर्थिक सहयोग, रक्षा एवं सुरक्षा साझेदारी और क्षमता निर्माण जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल रहे। यह बैठक दिसंबर 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की अदीस अबाबा यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए और बहुपक्षीय मंचों पर करीबी सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS शिखर सम्मेलन में इथियोपिया की भागीदारी का स्वागत करते हुए कहा कि उसकी मौजूदगी से ग्लोबल साउथ की सामूहिक आवाज को मजबूती मिली है। भारत सरकार के सूत्रों के अनुसार इथियोपिया ने भारतीय उद्योग और निवेश का स्वागत किया है और विशेष रूप से भारतीय माइनिंग कंपनियों के लिए अवसरों पर चर्चा हुई है।
ईरान के राष्ट्रपति से भी PM मोदी की मुलाकात
BRICS समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से भी मुलाकात की। यह दोनों नेताओं की दो सप्ताह से भी कम समय में दूसरी मुलाकात रही। दोनों नेता इससे पहले 31 अगस्त को बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन के दौरान मिले थे। बैठक में भारत-ईरान द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी विचार साझा किए। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के इस रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए किया जाना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता, समुद्री मार्गों और वाणिज्य की स्वतंत्रता तथा नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियान ने भारत के धार्मिक नेताओं, बुद्धिजीवियों और कारोबारियों को संबोधित करते हुए भारत सरकार और प्रधानमंत्री मोदी की मेहमाननवाजी की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत के साथ बातचीत और संबंधों को संस्कृति, तकनीक, व्यापार, विज्ञान और अर्थव्यवस्था समेत अलग-अलग क्षेत्रों में और मजबूत किया जा सकता है।
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस से भी मुलाकात
राष्ट्रपति पेजेशकियान ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत-ईरान संबंधों, व्यापार, क्षेत्रीय सहयोग और आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS सम्मेलन के दौरान अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। UAE के क्राउन प्रिंस उन प्रमुख नेताओं में शामिल हैं, जो BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे हैं। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने दिल्ली में अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी से मुलाकात की। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, यह मुलाकात BRICS सम्मेलन के दौरान दक्षिण अफ्रीका की कारोबारी गतिविधियों का हिस्सा थी। इसका उद्देश्य भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने के प्रयासों को बढ़ावा देना है।
दुनिया भर से दिल्ली पहुंचे नेता और प्रतिनिधि
18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में विदेशी नेता और वरिष्ठ अधिकारी दिल्ली पहुंचे हैं। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, बुरुंडी के राष्ट्रपति एवारिस्टे नदायिशिमिये, थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री सिहासाक फुवांगकेटकेव, क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिग्ज पारिला, बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिज़ेंकोव और WTO की महानिदेशक नगोजी ओकोन्जो-इवेला समेत कई प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचे हैं। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो 11 सितंबर की रात नई दिल्ली पहुंचे। इंडोनेशिया अब BRICS का पूर्ण सदस्य है और राष्ट्रपति प्रबोवो पहली बार पूर्ण सदस्य के रूप में सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। बुरुंडी के राष्ट्रपति एवारिस्टे नदायिशिमिये भी दिल्ली पहुंचे हैं। वह शिखर सम्मेलन में अफ्रीकी संघ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। (BRICS Summit 2026)
BRICS में दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता
दिल्ली में हो रहे BRICS सम्मेलन की हाई-लेवल डिप्लोमेसी के बीच भारत की सांस्कृतिक विविधता भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बिहार का सत्तू, कोरापुट की पहाड़ी कॉफी और गुजरात की बारीक कारीगरी वाले हैंडीक्राफ्ट जैसे स्थानीय उत्पादों को सम्मेलन से जुड़े मीडिया और प्रतिनिधियों के सामने पेश किया जा रहा है। 12 और 13 सितंबर को हो रहे इस सम्मेलन से पहले विदेश मंत्रालय की मीडिया किट के जरिए भारत की खान-पान की परंपराओं, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प की झलक दुनिया भर के पत्रकारों तक पहुंचाई जा रही है। भारत की BRICS अध्यक्षता पर इंडोनेशिया की फ्रीलांस पत्रकार मेगा मेई वाहिदावती ने कहा कि यह एक बहुत ही शानदार इवेंट है और सच कहूं तो यह बहुत रोमांचक भी है, क्योंकि यह पहली बार है, जब इंडोनेशिया BRICS के सदस्य के तौर पर इसमें हिस्सा ले रहा है। हम यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि हम यहां क्या हासिल कर सकते हैं। मुझे प्रेस किट कल ही मिली है और यह बहुत दिलचस्प है। हमें एक बैग मिला है, जिसमें कई भारतीय चीजें हैं। इससे पहले कि आप सोचें कि मैं हिंदी कैसे बोल सकती हूं। मैं असल में दो साल तक गुजरात में छात्रा रही हूं।

TV ब्रिक्स अफ्रीका के प्रेसिडेंट अयांडा होलो ने कहा कि मुझे लगता है कि यह एक शानदार अनुभव रहा है। यह बड़े पैमाने पर आयोजन है। इसमें कई और प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। साउथ अफ्रीका यहां 130 से ज्यादा बिजनेस मालिकों को लेकर आया है। इसलिए यह वाकई बहुत अच्छा अनुभव रहा है। साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने बेहतरीन काम किया और यह भी माना कि विकास की जिम्मेदारी सिर्फ सरकारों की नहीं हो सकती। बिजनेस को भी अपनी भूमिका निभानी होगी, ताकि हम सब मिलकर मजबूत बन सकें। हम अपनी खुशहाली के लिए मिलकर काम करें, क्योंकि भारत के साथ हमारे गहरे रिश्ते हैं। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ब्रिक्स के इस आयोजन में विश्व की कई महाशक्तियों का आगमन हो रहा है। भारत ने भी विश्व में एक महाशक्ति के रूप में अपना स्थान बनाया है। आज का दिन और कल का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। वहीं डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि ब्रिक्स समिट भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक वैश्विक नेता के रूप में अपनी छवि बनाई है। ब्रिक्स समिट में जिस तरह चर्चा चल रही है, उससे भारत में प्रगति के नए मार्ग खुलेंगे। मैं इस कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देता हूं।
BRICS के जरिए ग्लोबल साउथ पर भारत का फोकस
भारत की अध्यक्षता में हो रहे BRICS सम्मेलन में वैश्विक शासन, बहुपक्षीय व्यवस्था, आर्थिक सहयोग, व्यापार और निवेश, डिजिटल परिवर्तन, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा और सतत विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। सम्मेलन का व्यापक फोकस लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और टिकाऊ विकास पर है। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी की अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ हो रही द्विपक्षीय बैठकें भारत के लिए कूटनीतिक और आर्थिक दोनों लिहाज से अहम मानी जा रही हैं। इथियोपिया और मलेशिया के साथ हुई बातचीत में रक्षा सहयोग, प्रशिक्षण, निवेश और उभरते औद्योगिक क्षेत्रों पर विशेष जोर दिखाई दिया है। कुल मिलाकर नई दिल्ली में हो रहा BRICS शिखर सम्मेलन सिर्फ बहुपक्षीय बैठकों तक सीमित नहीं है। एक तरफ जहां भारत ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने और बहुपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहा है, वहीं दूसरी ओर अलग-अलग देशों के साथ द्विपक्षीय मुलाकातों के जरिए व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक साझेदारी के नए रास्ते तलाशे जा रहे हैं। (BRICS Summit 2026)



