Google Analytics —— Meta Pixel

जमीन विवाद में छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या, शव को गोदाम में जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश

Brother Murder in Mahasamund: महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के कुछ घंटों बाद आरोपी ने खुद ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मामला बागबाहरा थाना क्षेत्र के आमगांव का है, जाहां रहने वाले दो सगे भाइयों कृष्णकांत दुबे और दौलत दुबे के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।

यह भी पढ़ें:- मानसिक रूप से दिव्यांग रेप पीड़िता को न्याय, हाईकोर्ट ने दी गर्भपात की अनुमति

जानकारी के मुताबिक बड़ा भाई कृष्णकांत दुबे अपनी प्रेमिका मालती साहू के साथ गांव पहुंचा था और अपनी मां तीरथ दुबे से 12 एकड़ जमीन में हिस्सेदारी की मांग कर रहा था। इसी दौरान छोटा भाई दौलत दुबे भी घर पहुंच गया। जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। बीच-बचाव करने पहुंची मां के साथ भी मारपीट की गई। (Brother Murder in Mahasamund)

धारदार हथियार से हमला, मौके पर मौत

विवाद के दौरान गुस्से में आकर दौलत दुबे ने धारदार हथियार से अपने बड़े भाई कृष्णकांत दुबे पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से कृष्णकांत दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के गोदाम में ले जाकर आग लगा दी, ताकि वारदात को छिपाया जा सके। हालांकि कुछ ही घंटों बाद उसने खुद ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। (Brother Murder in Mahasamund)

सूचना मिलते ही बागबाहरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोदाम में लगी आग को बुझाया गया और जला हुआ शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान कृष्णकांत दुबे के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी दौलत दुबे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक जमीन विवाद सामने आया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। (Brother Murder in Mahasamund)

एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि पहली नजर में मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और अक्सर झगड़े होते रहते थे। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!