तितलियों को करीब से जानने और पहचानने का मौका मिलेगा, 21 से 23 अक्टूबर तक बटरफ्लाई मीट का होगा आयोजन

Butterfly Meet in Barnawapara: बलौदाबाजार वन विभाग और बारनवापारा अभ्यारण्य के संयुक्त तत्वाधान में 21 से 23 अक्टूबर 2024 को बटरफ्लाई मीट का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रकृति प्रेमियों को तितलियों को करीब से जानने और पहचानने का मौका मिलेगा। साथ ही विषय विशेषज्ञों की ओर से तितलियों के पर्यावास और उनके महत्त्व के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रतिभागियों के साथ साझा की जाएंगी। यह आयोजन की तीसरी कड़ी है। इसके पहले 2022 और 2023 में यह आयोजन किया गया था। विभाग की ओर से बटरफ्लाई मीट की तैयारी पूरी कर ली गई है। आयोजन में भाग लेने और जानकारी प्राप्त करने के लिए क्यू आर कोड भी जनरेट किया गया है, जिसके माध्यम से आसानी से पंजीयन कराया जा सकता है।
यह भी पढ़ें:- पक्का मकान के सपनों को पूरा करने प्रधानमंत्री मोदी दृढ़ संकल्पित: मंत्री देवांगन
मीट में प्रतिभागी स्टूडेंट के 1500 रुपए और अन्य व्यक्तियों के लिए 2 हजार रुपए पंजीयन शुल्क रखा गया है। इसके साथ ही भाग लेने के लिए 18 साल से 60 साल की आयु निर्धारित की गई है। गौरतलब है कि बारनवापारा अभ्यारण्य में 150 प्रजाति के तितली और मोथ पाई जाती हैं, जिसमें से वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की शेड्यूल वन की क्रिमसन रोज (पैचीलौप्टा हेक्टर) डनाइड इगली (हाइपो सिलिमस मिसीपस) शेड्यूल दो की सिपोरा निरिसा,होगारा एनेक्स, यूक्रीशॉप्स सीनेजस, जेनेलिया लेपीडिया रपेला वरुणा,लैंपिडर्स बोइहन, तजुना शिप्स पाई जाती है। शेड्यूल छह के भी बहुत से प्रजातियां पाई जाती है। बीते तीन सालों से बारनवापारा अभ्यारण्य में 14-16 हाथियों का दल निवास कर रहा है। साथ ही 8 महीने से एक बाघ लगातार अभ्यारण्य में विचरण कर रहा है। (Butterfly Meet in Barnawapara)

बारनवापारा नाम बार और नवापारा गांव से मिलकर बना है। बारनवापारा अभ्यारण्य अपनी स्थापना के बाद से ही देश के हर हिस्से से पर्यटकों को आकर्षित करता रहा है। बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार भाटापारा जिले में स्थित है। अभ्यारण्य का कुल क्षेत्रफल 244.66 वर्ग किमी है। अभ्यारण्य की स्थलाकृति समतल और लहरदार इलाका है। ऊंचाई 640 मीटर समुद्र तल तक है। बालमदेही, जोंक और महानदी नदियां अभयारण्य की जीवन रेखा हैं, जो अभयारण्य की जल कमी को पूरा करने के लिए अभयारण्य के साथ बहती हैं। वार्षिक वर्षा 1200 मिमी है। इस अभ्यारण्य में सागौन, साल और मिश्रित वन की मुख्य वनस्पति है। (Butterfly Meet in Barnawapara)

पारिस्थितिकी तंत्र को बनाए रखने के लिए इसमें शिकार और शिकारियों का अच्छा घनत्व है। अभ्यारण्य के अंदर स्थित बलार जलाशय में कई आर्द्रभूमि पक्षी और मछलियां पाई जाती है। यह अभ्यारण्य लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए इकोटूरिज्म को बढ़ावा देता है। बारनवापारा तक पहुंचने के लिए रायपुर से सड़क मार्ग से दो घंटे का सफर करना पड़ता है। यह रायपुर से NH53 पर 78वें किलोमीटर पर 106 किलोमीटर दूर है। पटेवा एक छोटा शहर है, जहां बारनवापारा से 28 किलोमीटर की दूरी पर मौसम अनुकूल सड़क पर गाड़ी चलाकर पहुंचा जा सकता है। (Butterfly Meet in Barnawapara)



