सी.पी. राधाकृष्णन ने ली उपराष्ट्रपति पद की शपथ , राष्ट्रपति भवन में हुआ शपथग्रहण समारोह, पूर्व VP धनखड़ भी रहे मौजूद
Vice President Of India CP Radhakrishnan Oath : देश के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज शुक्रवार को 15वें उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :- गरियाबंद में सीसीएम मेंबर समेत 10 नक्सली ढेर, गृहमंत्री शाह बोले- समय रहते बचे-खुचे नक्सली भी कर दें आत्मसमर्पण
इस मौके पर पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी नज़र आए। इस्तीफा देने के बाद यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था जिसमें वे शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और हामिद अंसारी भी समारोह में मौजूद रहे।
उपराष्ट्रपति चुनाव और जीत
- 9 सितंबर को हुए चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन को 452 वोट मिले।
- इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले और उन्हें 152 मतों से हार का सामना करना पड़ा।
- नतीजों के बाद रेड्डी ने अपनी हार स्वीकार की और राधाकृष्णन को बधाई दी।
राधाकृष्णन का राजनीतिक सफर
शपथ ग्रहण से एक दिन पहले ही राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफा दिया था। वे लंबे समय से भाजपा के सक्रिय नेता रहे हैं और पार्टी संगठन व संसदीय राजनीति दोनों में उनकी मजबूत पकड़ रही है।
धनखड़ का इस्तीफा
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था। लगभग 53 दिन बाद वे किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में दिखाई दिए। धनखड़ ने राधाकृष्णन की जीत पर उन्हें बधाई भी दी थी।



