गरियाबंद में सीसीएम मेंबर समेत 10 नक्सली ढेर, गृहमंत्री शाह बोले- समय रहते बचे-खुचे नक्सली भी कर दें आत्मसमर्पण

Shah on Gariaband Encounter: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गरियाबंद मुठभेड़ को लेकर ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि नक्सलियों के विरुद्ध हमारे सुरक्षाबलों ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ में CRPF की कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और DRG ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर 1 करोड़ के इनामी सीसीएम मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज समेत 10 कुख्यात नक्सलियों को मारा गिराया है। समय रहते बचे-खुचे नक्सली भी आत्मसमर्पण कर दें। आगामी 31 मार्च से पहले लाल आतंक का समूल नाश निश्चित है।
यह भी पढ़ें:- बस्तर इन्वेस्टर कनेक्ट को लेकर सियासी घमासान, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर में विश्वास, विकास और शांति के नए सूर्य का उदय हो रहा है। अदम्य साहस और वीरता के पर्याय CRPF की कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और DRG के जवानों को नक्सलवाद के विरुद्ध एक और बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। गरियाबंद जिले में नक्सल मोर्चे पर हुई मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं, जिसमें 1 करोड़ के इनामी सीसीएम मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज को भी न्यूट्रलाइज किया गया है। साथ ही नारायणपुर में जनताना सरकार सदस्य, पंचायत मिलिशिया डिप्टी कमांडर, पंचायत सरकार सदस्य और न्याय शाखा अध्यक्ष समेत 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लिया है। यह इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि नक्सलियों की झूठी विचारधारा अब दम तोड़ रही है। (Shah on Gariaband Encounter)

CM साय ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि मार्च 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में “नक्सलमुक्त भारत” का संकल्प साकार होकर रहेगा। सुरक्षाबल के जवानों ने जिस अदम्य साहस और पराक्रम के साथ लाल आतंक के विरुद्ध सफलता अर्जित की है, यह स्पष्ट संकेत है कि नक्सलवाद अब अंतिम सांसें गिन रहा है और मार्च 2026 तक लाल आतंक का अंत होकर रहेगा। डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारे सुरक्षा जवान आगामी 31 मार्च से पहले लाल आतंक का पूर्ण उन्मूलन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के हमारे वीर सुरक्षाबलों ने अपने साहस और रणनीतिक दक्षता के साथ जिस प्रकार से ‘लाल आतंक’ पर प्रहार किया है, वह इस बात का प्रमाण है कि नक्सलवाद अपने अंतिम चरण पर है। हमें पूर्ण विश्वास है कि मार्च 2026 तक यह देश नक्सलवाद से पूर्णतः मुक्त हो जाएगा। (Shah on Gariaband Encounter)



