आज फिर होगी साय कैबिनेट की बैठक, मीटिंग के बाद वित्त मंत्री पेश करेंगे राज्य का बजट
Cabinet Meeting on Budget: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की 24वीं बैठक आज यानी 3 मार्च को दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। यह बैठक छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री साय के कक्ष में होगी। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12:30 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेंगे। वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि इस साल का बजट पिछले बजट की निरंतरता में एक और बड़ा कदम होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘2047 तक विकसित भारत’ के संकल्प की तर्ज पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार का भी लक्ष्य ‘2047 तक विकसित छत्तीसगढ़’ का निर्माण करना है। इस दिशा में यह बजट नीतिगत सुधारों, आर्थिक सशक्तिकरण और राज्य के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
यह भी पढ़ें:- आज बजट पेश करेंगे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर होगा रोडमैप
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने बीते सालों में आर्थिक, औद्योगिक, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। इस विकास यात्रा को और अधिक गति देने के लिए इस वर्ष का बजट पिछले साल की तुलना में ज्यादा व्यापक और प्रभावी होगा। उन्होंने आगे कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था लगातार तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे विकास के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। राज्य सरकार की नीतियों का लाभ विशेष रूप से किसानों, महिलाओं, श्रमिकों, आवासहीन परिवारों और गरीब वर्ग को मिला है, जिससे जनता का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जनता का यह आशीर्वाद ही सरकार की प्रेरणा है और यह बजट प्रदेश के विकास, आर्थिक सुधारों और जनहितकारी योजनाओं के दृष्टिकोण से ऐतिहासिक साबित होगा। (Cabinet Meeting on Budget)
25 फरवरी को पेश हुआ था अनुपूरक बजट
इससे पहले 25 फरवरी को साय सरकार का तृतीय अनुपूरक बजट विधानसभा में ध्वनिमत से पारित हुआ था। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साल 2024-25 के लिए 19762 करोड़ 12 लाख 42 हजार 523 रुपए का तृतीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया था। चर्चा के बाद पारित हुए इस अनुपूरक बजट को मिलाकर वित्तीय वर्ष 2024-25 में राज्य के बजट का आकार कुल 01 लाख 75 हजार 342 करोड़ रुपए का हो गया है। इसमें मुख्य बजट के रूप में पारित 1 लाख 47 हजार 446 करोड़, पहले अनुपूरक बजट में 7 हजार 329 करोड़ रुपए, दूसरे अनुपूरक बजट में 805 करोड़ 71 लाख 74 हजार 286 रुपए और तीसरे अनुपूरक बजट में 19762 करोड़ 12 लाख 42 हजार 523 रुपए शामिल है। (Cabinet Meeting on Budget)



