आज से सस्ती हुईं कैंसर की 137 दवाएं, 679 ब्रांड की कीमतों में 50% से ज्यादा कटौती, 2,700 रुपए की दवा 27 हजार में बेचने पर SC ने जताई थी नाराजगी

Cancer Drug Price Cut: दिवाली त्योहार के बीच कैंसर के मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत की खबर है। देश में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं की कीमतें आज यानी 9 नवंबर 2026 से कम हो गई हैं। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने इन दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय की है। इसके बाद दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन की संशोधित कीमतें जारी की हैं। सरकार का अनुमान है कि कीमतों में इस कटौती से मरीजों और उपभोक्ताओं को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपए की बचत होगी। NPPA के मुताबिक 8 नवंबर 2026 तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं से जुड़े 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन की नई कीमतों की जानकारी दी थी। इनमें 679 ब्रांड की दवाओं की कीमतों में 50 प्रतिशत से ज्यादा की कमी की गई है।
यह भी पढ़ें:- रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर छोड़े रॉकेट, चलती ट्रेन से भी की आतिशबाजी; वायरल वीडियो के बाद युवक गिरफ्तार
सबसे ज्यादा कटौती 96.45 प्रतिशत दर्ज की गई है। यानी कुछ दवाएं पहले की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध होंगी। संशोधित कीमतें 9 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। रसायन और उर्वरक मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले NPPA ने यह फैसला स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया है। इस समिति का गठन 17 अक्टूबर 2026 को किया गया था। समिति में देशभर के प्रमुख कैंसर विशेषज्ञ, डॉक्टर, अस्पतालों के विशेषज्ञ और सरकारी अधिकारी शामिल थे। समिति ने कैंसर की 137 गैर-अनुसूचित दवाओं के कारोबार में मार्जिन को तर्कसंगत बनाने की सिफारिश की थी। इसके बाद इन दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय की गई, जिससे कंपनियों और विक्रेताओं के मुनाफे पर नियंत्रण लगाकर मरीजों को कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
SC ने दवाओं की कीमतों पर जताई थी नाराजगी
कैंसर की दवाओं की कीमतों को लेकर 22 सितंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर सवाल उठाए थे। कोर्ट ने दवाओं की रिटेलर कीमत (PTR) और अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) के बीच बड़े अंतर पर चिंता जताई थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा था कि 2,700 रुपए की दवा मरीज को 27,000 रुपए में मिलना दिनदहाड़े डकैती और नरसंहार जैसा है। इसके बाद दवाओं की कीमतों और मुनाफे के अंतर को नियंत्रित करने की दिशा में कार्रवाई तेज हुई। नई कीमतें लागू होने के बाद दवा कंपनियों की जिम्मेदारी है कि वे संशोधित MRP अपनी वेबसाइट पर जारी करें और इसकी जानकारी दवा विक्रेताओं तथा अस्पतालों तक पहुंचाएं। (Cancer Drug Price Cut)
ऐसे पता करें दवाओं की नई कीमत
मेडिकल स्टोर और अस्पतालों की फार्मेसी को 9 नवंबर से नई कीमतों के अनुसार ही दवाएं बेचनी होंगी। अस्पतालों को भी अपनी वेबसाइट पर दवाओं की संशोधित कीमतें प्रदर्शित करनी होंगी। तय MRP से ज्यादा कीमत वसूलना नियमों के खिलाफ होगा। मरीज और उनके परिजन दवा के पैकेट पर छपी संशोधित MRP देखकर नई कीमत की जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप और NPPA की आधिकारिक वेबसाइट nppa.gov.in पर भी दवाओं की कीमतों की पुष्टि की जा सकती है। अगर कोई मेडिकल स्टोर या अस्पताल की फार्मेसी निर्धारित कीमत से ज्यादा पैसे वसूलती है तो उपभोक्ता ‘फार्मा जन समाधान’ पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए NPPA की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है। (Cancer Drug Price Cut)



