Google Analytics —— Meta Pixel

रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर छोड़े रॉकेट, चलती ट्रेन से भी की आतिशबाजी; वायरल वीडियो के बाद युवक गिरफ्तार

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। दिवाली के जश्न में खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। रेलवे ट्रैक के बीच खड़े होकर रॉकेट छोड़ने और चलती ट्रेन के दरवाजे से बाहर निकलकर आतिशबाजी करने वाले युवक को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

उसलापुर स्टेशन पर रेलवे ट्रैक के बीच खड़े होकर छोड़े रॉकेट

जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात सुरजीत सिंह दुर्ग से अजमेर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहा था। ट्रेन जब बिलासपुर के उसलापुर स्टेशन पहुंची तो आरोपी नीचे उतर गया। इसके बाद उसने रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच खड़े होकर रॉकेट जलाकर छोड़े।

हैरानी की बात यह रही कि ट्रेन के रवाना होने के बाद भी आरोपी की हरकतें नहीं रुकीं। उसने चलती ट्रेन के दरवाजे से बाहर हाथ निकालकर आतिशबाजी की। इस दौरान उसकी लापरवाही से न केवल उसकी जान खतरे में पड़ी, बल्कि ट्रेन में सफर कर रहे अन्य यात्रियों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा पैदा हो गया।

वीडियो कॉल पर दोस्तों को दिखा रहा था खतरनाक स्टंट

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर रॉकेट छोड़ने के दौरान वीडियो कॉल के जरिए अपने परिचितों को लाइव आतिशबाजी दिखा रहा था। इसी बीच ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने उसकी पूरी हरकत मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही रेलवे सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंच गया। वीडियो में युवक की खतरनाक हरकत सामने आने के बाद रेलवे अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

बिलासपुर कंट्रोल रूम के अलर्ट पर RPF-GRP की कार्रवाई

बिलासपुर कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पेंड्रारोड RPF और GRP की संयुक्त टीम सक्रिय हुई। टीम ने मामले की जांच और आरोपी की पहचान के बाद सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

रेलवे ट्रैक पर पटाखे चलाना और चलती ट्रेन के दरवाजे से बाहर निकलकर आतिशबाजी करना गंभीर लापरवाही है। इस तरह की हरकत से बड़ा रेल हादसा हो सकता था। रेलवे सुरक्षा एजेंसियां मामले में आगे की कार्रवाई कर रही हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!