दिवाली की रात देशभर में आग का तांडव, 23 लोगों की मौत, MP में 13 ने गंवाई जान, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

Fire Accidents in Diwali: दिवाली की खुशियां देश के कई हिस्सों में आग और हादसों के कारण मातम में बदल गईं। दिवाली की रात देशभर के अलग-अलग शहरों में आग लगने की घटनाओं में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं और कुछ के लापता होने की सूचना है। सबसे ज्यादा तबाही मध्य प्रदेश में देखने को मिली, जहां तीन अलग-अलग जगहों पर आग लगने से 13 लोगों की जान चली गई। वहीं महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मुंबई के लोखंडवाला इलाके में भी आग लगने से एक व्यक्ति की जान चली गई। राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। दिल्ली के नरेला में भी पटाखे का रॉकेट पेट में लगने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें:- भाई दूज 2026: 10 या 11 नवंबर, कब मनाया जाएगा भाई-बहन का त्योहार? जानें तिलक का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और महत्व
देश के अलग-अलग हिस्सों में आग की घटनाओं के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमें राहत बचाव कार्य में जुटी रहीं। मध्य प्रदेश में दिवाली की रात आग की घटनाओं ने सबसे ज्यादा जान-माल का नुकसान पहुंचाया। कटनी जिले में एक मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। इनमें एक बच्चा महज दो महीने का था। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं सिवनी जिले में एक सराफा व्यापारी के मकान और दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में 16 साल का एक किशोर भी शामिल है। आग इतनी तेजी से फैली कि मकान और दुकान का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। मध्य प्रदेश में हुई इन घटनाओं में मृतकों की संख्या 13 बताई गई है। (Fire Accidents in Diwali)
महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में दिवाली की रात एक मकान में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आग की चपेट में आने से परिवार के सभी छह सदस्यों ने दम तोड़ दिया। वहीं, मुंबई के लोखंडवाला इलाके में आग लगने की एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मुंबई के डोंगरी इलाके में भी आग लगने से कई दुकानें और झुग्गियां जल गईं। इसके अलावा विद्याविहार इलाके में भी आग की घटना सामने आई। ठाणे में 17 मंजिला इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि यहां किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुणे के वडगांव शेरी स्थित एक अपार्टमेंट में भी आग लग गई। शहर में दिवाली की रात आग लगने की कुल 63 घटनाएं सामने आईं, हालांकि इनमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दादर के कामगार स्टेडियम में लगी आग पर दमकलकर्मियों ने महज 17 मिनट में काबू पा लिया। (Fire Accidents in Diwali)
राजस्थान में पटाखों की दुकान में आग, दो की मौत
राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं। आग इतनी भीषण थी कि इसकी चपेट में आसपास की तीन दुकानें भी आ गईं। कई दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दिल्ली के नरेला इलाके में दिवाली के दौरान पटाखा चलाते समय दर्दनाक हादसा हो गया। रॉकेट पटाखा एक 10 साल के बच्चे के पेट में जा लगा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना ने त्योहार के दौरान पटाखों के इस्तेमाल में बरती जाने वाली लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जम्मू के नेहरू मार्केट में एक गोदाम में आग लगने से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं। आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं महाराष्ट्र के नागपुर में टीवीएस के एक शोरूम में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से कई दोपहिया वाहन जल गए।
उत्तर प्रदेश में कबाड़ की दुकान में आग
उत्तर प्रदेश के बांदा में कबाड़ की एक दुकान में आग लगने से करीब 20 से 25 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। आग की चपेट में दुकान में रखा कबाड़ और अन्य सामान आ गया। घटना के बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। असम के जोनाई स्थित सिमेन चापोरी कमर्शियल एरिया में भी आग लगने की घटना सामने आई। इसके अलावा सिक्किम की राजधानी गंगटोक में सरकारी आवास में आग लग गई। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में भी आग की घटना हुई। इन सभी स्थानों पर दमकल विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं। दिवाली की रात देशभर में हुई इन घटनाओं ने त्योहार के दौरान अग्नि सुरक्षा और पटाखों के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां लोग रोशनी और खुशियों का त्योहार मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर कई परिवारों ने अपनों को खो दिया और कई जगहों पर दुकानों, मकानों समेत वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।



