Google Analytics —— Meta Pixel

उड़ान आईएएस एकेडमी में करियर गाइडेंस प्रोग्राम का आयोजन: आईएएस भीम सिंह और यूपीएससी टॉपर वैभवी अग्रवाल ने दिए सफलता के मंत्र

रायपुर: सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं का सही मार्गदर्शन करने के उद्देश्य से उड़ान आईएएस एकेडमी के रजबंधा मैदान स्थित परिसर में शनिवार को एक दिवसीय विशेष ‘करियर गाइडेंस प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भीम सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में यूपीएससी-2025 में ऑल इंडिया रैंक 35 प्राप्त करने वाली सुश्री वैभवी अग्रवाल उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने अभ्यर्थियों को परीक्षा की बारीकियों और सफलता की रणनीतियों से अवगत कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री भीम सिंह ने छात्रों को अनुशासन और निरंतरता का महत्व समझाया। उन्होंने कहा, “सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी केवल ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए जीवन में कड़ा अनुशासन जरूरी है। छात्र जीवन में अपनाई गई अच्छी आदतें पूरी जिंदगी काम आती हैं।” उन्होंने आगे कहा कि किसी दूसरे की नकल करने के बजाय अभ्यर्थियों की अपनी व्यक्तिगत रणनीति होनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने उत्तर लेखन (Answer Writing) को प्रभावी बनाने के लिए उसमें करेंट अफेयर्स से जुड़े प्रासंगिक विषयों को जोड़ने की सलाह दी और कहा कि पूरी तैयारी के दौरान आंतरिक उत्साह और नई चीजें सीखने की जिज्ञासा का बना रहना बेहद आवश्यक है।

यूपीएससी-2025 में 35वीं रैंक हासिल करने वाली सुश्री वैभवी अग्रवाल ने अभ्यर्थियों के साथ अपने अध्ययन के अनुभव साझा किए। उन्होंने स्रोतों के सीमित और गुणवत्तापूर्ण चयन पर जोर देते हुए कहा, “अत्यधिक किताबें पढ़ने की तुलना में किसी एक मानक (स्टैंडर्ड) किताब को बार-बार और गहनता से पढ़ना अधिक लाभदायक होता है।” उन्होंने वैकल्पिक विषय (Optional Subject) के चयन में सावधानी बरतने तथा दैनिक स्तर पर करेंट अफेयर्स पढ़ने की आदत विकसित करने की सलाह दी। इसके साथ ही, उन्होंने परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन (Stress Management) और कठिन परिस्थितियों को संभालने के मानसिक संतुलन पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में उड़ान आईएएस एकेडमी के फाउंडर-डायरेक्टर अंकित अग्रवाल एवं डिप्टी डायरेक्टर रवि गोयल ने अतिथियों का स्वागत किया और छात्रों को निरंतर मेहनत के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संस्थान के समस्त फैकल्टी सदस्य, स्टाफ तथा बड़ी संख्या में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने अभ्यर्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया।

Back to top button
error: Content is protected !!