Google Analytics —— Meta Pixel

उप अभियंता भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल का मामला उजागर, एक परीक्षार्थी पकड़ी गई, एफआईआर दर्ज

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की कड़ी निगरानी में परीक्षा आयोजन, नकल प्रकरण में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्यवाही जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (Chhattisgarh Professional Examination Board) (व्यापम) द्वारा आयोजित उप अभियंता (सिविल/विद्युत/यांत्रिकी) भर्ती परीक्षा के दौरान बिलासपुर के एक परीक्षा केंद्र में हाईटेक नकल का मामला सामने आया है। केंद्र क्रमांक 1309, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकंडा में आयोजित परीक्षा के दौरान कक्ष क्रमांक-07 में रोल नंबर 13091014, परीक्षार्थी कु. अन्नु सूर्या, पिता – कलेश्वर राम को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया।

यह भी पढ़े :- विदेश में लहराएगा छत्तीसगढ़ का परचम: बेटियों ने रचा इतिहास

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदेह होने पर जब परीक्षा कक्ष में तलाशी ली गई, तो परीक्षार्थी के अंतर्वस्त्रों में हिडन कैमरा और कान में छिपाया गया माइक्रो स्पीकर बरामद किया गया। ये उपकरण नकल के उद्देश्य से प्रयोग किए जा रहे थे। तत्पश्चात ये इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस तत्काल जब्त कर लिए गए।

परीक्षा केंद्र परिसर के बाहर मौजूद कु. अनुराधा बाई के पास से वॉकी-टॉकी, टैबलेट, ब्लूटूथ डिवाइस और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जो परीक्षा में मदद करने के उद्देश्य से प्रयुक्त हो रहे थे। यह मामला संगठित रूप से तकनीकी माध्यम से नकल कराने का प्रतीत होता है।

इस प्रकरण में नियमानुसार तत्काल नकल प्रकरण बनाकर व्यावसायिक परीक्षा मंडल को प्रेषित किया गया है। साथ ही सरकंडा थाना पुलिस को सूचित कर एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

व्यापम  (Chhattisgarh Professional Examination Board) और जिला प्रशासन ने इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए “जीरो टॉलरेंस नीति” अपनाई गई है। भविष्य में भी किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। (Chhattisgarh Professional Examination Board)

Back to top button
error: Content is protected !!