भाजपा नेता समेत तीन हत्याओं की अब CBI जांच, छत्तीसगढ़ सरकार ने दी अनुमति
रायपुर। कोरिया जिले में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की हत्या के चर्चित मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने Central Bureau of Investigation (CBI) जांच को मंजूरी दे दी है। पीड़ित परिवार लंबे समय से मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग कर रहा था।
गौरतलब है कि 16 जून की रात जिले के नौगई गांव में कथित रेत तस्करी विवाद के दौरान आरोपियों ने एक Toyota Fortuner फॉर्च्यूनर वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। उस वक्त वाहन में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। घटना में भाजपा नेता लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह की जलकर मौत हो गई थी, जबकि लल्ला सिंह के भाई की कथित तौर पर फरसे से हमला कर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना के पीछे अवैध रेत खनन और वसूली को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच रेत घाट संचालन और परिवहन को लेकर तनाव बना हुआ था, जिसके बाद विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
अब राज्य सरकार की मंजूरी के बाद मामले की जांच Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंपी जाएगी। पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि केंद्रीय एजेंसी की जांच से पूरे घटनाक्रम, संभावित साजिश और मामले से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में आज से बिजली महंगी, नई दरें लागू… उपभोक्ताओं को लगेगा महंगाई का झटका



