CCTV in train coaches: रेलवे कोच और लोको में CCTV से बढ़ेगी यात्री सुरक्षा, 74 हजार कोच और 15 हजार इंजन होंगे कवर
CCTV in train coaches: भारतीय रेलवे ने यात्री सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब सभी 74,000 कोचों और 15,000 लोकोमोटिव में हाई क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। प्रत्येक कोच में 4 कैमरे और हर लोकोमोटिव में 6 कैमरे लगाए जाने की योजना है। इन कैमरों से 360-डिग्री कवरेज मिलेगी और यात्रियों की निगरानी में सुविधा होगी।
रेल मंत्रालय द्वारा 12 जुलाई 2025 को आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इस प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने जानकारी दी कि उत्तर रेलवे के लोको और कोचों में पहले ही सफल परीक्षण हो चुके हैं। इसके आधार पर देशभर के कोचों और इंजनों में कैमरे लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें :- छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज 14 जुलाई से शुरुआत, हंगामेदार रहने के आसार, पढ़े पूरी खबर
कैमरे कोचों के दरवाजों के पास सामान्य आवागमन क्षेत्र में लगाए जाएंगे, ताकि गोपनीयता बनी रहे। लोकोमोटिव में आगे, पीछे और दोनों तरफ 1-1 कैमरा लगेगा, साथ ही दोनों कैब में एक-एक डोम कैमरा और दो डेस्क माउंटेड माइक्रोफोन भी लगाए जाएंगे। (CCTV in train coaches)
ये सीसीटीवी कैमरे नवीनतम तकनीक वाले होंगे और एसटीक्यूसी प्रमाणित होंगे, ताकि वे 100 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति और कम रोशनी में भी साफ फुटेज दे सकें। (CCTV in train coaches)
रेल मंत्री ने अधिकारियों से आग्रह किया कि इंडियाएआई मिशन के तहत इन कैमरों से प्राप्त डेटा पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग कर सुरक्षा को और स्मार्ट बनाया जाए।
रेलवे का मानना है कि इन कैमरों से यात्रियों के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं में कमी आएगी और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान आसान होगी। गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए लगाए गए ये कैमरे भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री-अनुकूलता के प्रयासों को रेखांकित करते हैं। (CCTV in train coaches)



