CG Custom Milling Scam:कस्टम मिलिंग घोटाले में बड़ी कार्रवाई, अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर को EOW ने किया गिरफ्तार

CG Custom Milling Scam:छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कस्टम मिलिंग घोटाले की जांच में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो प्रमुख आरोपियों अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पहले से ही अन्य मामलों में न्यायिक हिरासत में थे। मंगलवार को उन्हें प्रोडक्शन वारंट के जरिए विशेष अदालत में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस रिमांड की अनुमति प्राप्त कर ली गई है।
EOW ने इस मामले में अपराध क्रमांक 01/2024 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 11, 13(1)(क), 13(2) एवं भारतीय दंड संहिता की धाराएं 120बी, 384 और 409 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में यह सामने आया है कि सरकारी अनाज की कस्टम मिलिंग प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं बरती गईं और राज्य को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
कौन हैं आरोपी?
- अनिल टुटेजा, छत्तीसगढ़ शासन में पूर्व में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्यरत रह चुके हैं।
- अनवर ढेबर, रायपुर के चर्चित व्यवसायी हैं और पहले से शराब घोटाले व अन्य आर्थिक अपराधों में आरोपी हैं।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पहले हो चुकी थी, लेकिन कस्टम मिलिंग घोटाले में संलिप्तता पाए जाने पर EOW ने अब नई गिरफ्तारी दर्ज की है।
EOW की पूछताछ में हो सकते हैं और खुलासे
- सूत्रों के अनुसार, इस घोटाले में राजनीतिक और प्रशासनिक गठजोड़ की गहन जांच जारी है।
- EOW को उम्मीद है कि अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर से पूछताछ के दौरान कई और प्रभावशाली नामों का खुलासा हो सकता है।
- घोटाले की कुल राशि सैकड़ों करोड़ रुपये आंकी जा रही है।



