CG Health Department : समय पर एम्बुलेंस न मिलने से नवजात की मौत, पूर्व जनपद अध्यक्ष बोले- चंदा कर चलाएंगे एम्बुलेंस

CG Health Department : बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक के दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में संचालित बाइक एम्बुलेंस सेवा पिछले 10 दिनों से बंद है। सोमवार रात इस सेवा की अनुपलब्धता के चलते एक गर्भवती महिला को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, जिससे रास्ते में ही नवजात शिशु की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बहरीझिरिया गांव की रहने वाली शांतन बाई पति जगत को प्रसव पीड़ा होने पर ग्रामीणों ने केंद्रा स्वास्थ्य केंद्र से बाइक एम्बुलेंस की मांग की, लेकिन कर्मचारियों द्वारा वेतन और पेट्रोल का भुगतान न होने के कारण सेवा बंद कर दी गई थी। बाद में सीएमएचओ और स्वास्थ्य अधिकारियों के हस्तक्षेप से रात करीब 12 बजे 102 एम्बुलेंस भेजी गई, लेकिन रास्ते में ही नवजात की मौत हो गई क्योंकि वह मां के गर्भ में अटका हुआ था।
यह भी पढ़ें :- CM Vishnu Deo Sai : मुख्यमंत्री ने अपेक्स बैंक अधिकारी के पदभार ग्रहण समारोह में की शिरकत, फरसाबहार शाखा का किया वर्चुअल उद्घाटन
10 दिन से बंद है सेवा, 3 लाख का भुगतान लंबित
बाइक एम्बुलेंस कर्मचारियों को डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) से भुगतान किया जाता था। लेकिन पिछले कुछ समय से वेतन और पेट्रोल का भुगतान रोका गया है, जिससे कर्मचारियों का लगभग 3 लाख रुपये बकाया है। इसके विरोध में उन्होंने 10 दिन पहले बाइक स्वास्थ्य केंद्र में खड़ी कर सेवा बंद कर दी।
प्रशासन ने माना लापरवाही, जल्द बहाल होगी सेवा
प्रभारी सीएमएचओ डॉ. सुरेश तिवारी ने स्वीकार किया कि भुगतान के अभाव में कर्मचारी काम नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कलेक्टर से चर्चा कर जल्द बाइक एम्बुलेंस सेवा फिर से शुरू की जाएगी। एनएचएम की डीपीएम प्यूली मजूमदार ने कहा कि उन्हें भुगतान लंबित होने की जानकारी नहीं थी। (CG Health Department)
पूर्व जनपद अध्यक्ष बोले- चंदा कर चलाएंगे सेवा
पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को भुगतान की जानकारी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विभाग एम्बुलेंस सेवा नहीं चला पा रहा है, तो वे गांव-गांव चंदा कर इन एम्बुलेंस को फिर से चालू कराएंगे। (CG Health Department)
अवनीश शरण की पहल से शुरू हुई थी सेवा
तत्कालीन कलेक्टर अवनीश शरण ने एक साल पहले कोटा ब्लॉक के केंद्रा, लूफा, खोंगसरा और शिवतराई जैसे दुर्गम इलाकों में 4 बाइक एम्बुलेंस शुरू की थीं। इन एम्बुलेंसों ने खासकर गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों के लिए जीवन रक्षक भूमिका निभाई थी। अब इस सेवा का बंद होना गंभीर चिंता का विषय है। (CG Health Department)



