CG NEWS : खाना खाते ही तीन बहनों की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान तीनों की मौत
CG NEWS : मध्यप्रदेश गए छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इंदौर जिले के बेटमा थाना क्षेत्र में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के बाद एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। दो बच्चियों ने इंदौर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ा, जबकि गंभीर रूप से बीमार तीसरी बच्ची की इटारसी के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
रात में खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
मृत बच्चियों का परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है। बच्चियों के पिता नरेंद्र सिंह पीथमपुर स्थित एलएनटी कंपनी में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करते हैं।
परिजनों के मुताबिक, परिवार ने रात में चावल, रोटी और सब्जी खाई थी। इसके कुछ समय बाद 10, 8 और 5 साल की तीनों बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन तीनों को इंदौर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। (CG NEWS ) इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दो बच्चियों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने निजी अस्पताल पर लगाए आरोप
परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में दोनों बच्चियों की मौत के बाद उनके शव बिना पोस्टमार्टम कराए ही सौंप दिए गए। इसके बाद परिजन दोनों शवों और गंभीर रूप से बीमार तीसरी बच्ची को लेकर अपने पैतृक गांव जांजगीर-चांपा के लिए रवाना हुए।
इसी दौरान इटारसी के पास तीसरी बच्ची की तबीयत अचानक और बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल इटारसी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
तीनों शवों का होगा पोस्टमार्टम
एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत के बाद पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी सौरभ पांडेय के मुताबिक, इटारसी के सरकारी अस्पताल में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही बच्चियों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मौत की वजह जानने के लिए जांच जरूरी
एक ही परिवार की तीन बच्चियों की अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। बच्चियों ने जो खाना खाया था, उसमें किसी तरह का संक्रमण या मिलावट थी अथवा मौत की कोई अन्य वजह रही, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस और प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। (CG NEWS )
यह भी पढ़े :- बैंक सखी बनकर ग्रामीणों की सहूलियत का माध्यम बनीं ललिता बघेल



