CG Shikshak Bharti: छत्तीसगढ़ में इस साल 10 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, 300 डॉक्टरों की भी नियुक्ति

CG Shikshak Bharti: छत्तीसगढ़ में इस साल 10 हजार नए शिक्षकों की भर्ती होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा में इसकी घोषणा की है। वे अनुपूरक बजट पर विपक्ष की चर्चा का जवाब दे रहे थे। इस बीच एक लंबी चर्चा के बाद विधानसभा ने 2 हजार 904 करोड़ 41 लाख 70 हजार 571 रुपए के अनुपूरक बजट को ध्वनिमत से पारित कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि साल 1998 के बाद राज्य सरकार ने पहली बार 14 हजार शिक्षकों की भर्ती की है। दस्तावेजों के परीक्षण के बाद उन्हें नियुक्ति दी जा रही है। अब प्रदेश में 10 हजार नए शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। मुख्यमंत्री ने कहा हरेली पर्व से गौमूत्र की खरीदी भी शुरू करने जा रहे हैं। इससे राज्य में जैविक खेती को मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें:- Nilamban Karwai: प्राचार्य और सहायक शिक्षक समेत 3 पंचायत सचिव निलंबित, जानिए क्या है वजह

CM ने कहा कि पशुओं के इलाज के लिए 163 मोबाइल वेटनरी यूनिट जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए अनुपूरक में 10 लाख रुपए की व्यवस्था की गई है। गोठानों में विकसित किए जा रहे महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क में लगने वाली यूनिटों को बिना बिजली की खपत की सीमा के कुल बिजली बिल में हाफ बिजली बिल योजना का लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाट-बाजार क्लिनिक योजना की मोबाइल यूनिटों के लिए 300 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती होनी है। वहीं कोरबा, कांकेर, महासमुंद के नए मेडिकल कॉलेजों के भवन निर्माण, उपकरणों की व्यवस्था और बिलासपुर के कैंसर संस्थान के लिए 250 करोड़ रूपए की व्यवस्था इस अनुपूरक बजट में की गई है। मुख्यमंत्री ने सार्वभौम सार्वजनिक वितरण प्रणाली के PDS केंद्र संचालकों को डीलर मार्जिन राशि देने के लिए 266 करोड़ रुपए की व्यवस्था करने की बात बताई। (CG Shikshak Bharti)

उन्होंने चना वितरण के लिए 100 करोड़ रुपए, 120 देवगुड़ी एवं 94 घोटुल के लिए 25 करोड़ 50 लाख रुपए और राजिम माघी पुन्नी मेला स्थल विकास के लिए 1 करोड़ 85 लाख रुपए के बजट प्रावधान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि गिरौदपुरी और भण्डारपुरी के विकास के लिए एक करोड़, रामायण मंडली के कलाकारों के संरक्षण, संवर्धन समेत कला दलों के सतत विकास के लिए रामायण मंडली प्रोत्साहन योजना के लिए 10 करोड़ रुपए और दामाखेड़ा के विकास के लिए 9 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्य बजट का आकार एक लाख 12 हजार 603 करोड़ 40 लाख रुपए है। शुक्रवार को 2 हजार 904 करोड़ 42 लाख रुपए का पहला अनुपूरक बजट पारित हो गया। इसको मिलाकर वार्षिक बजट का आकार बढ़कर एक लाख 15 हजार 507 करोड़ 82 लाख रुपए हो गया है। यह छत्तीसगढ़ के 22 साल के इतिहास का सबसे बड़ा बजट है। (CG Shikshak Bharti)

बता दें कि CM भूपेश बघेल ने 31 जुलाई 2021 में छत्तीसगढ़ राज्य शासन ने स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत शिक्षकों की 14 हजार 580 पदों पर सीधी भर्ती के लिए नियुक्ति आदेश जारी किए जाने की सहमति प्रदान कर दी थी। यह सहमति वित्त विभाग से प्राप्त सहमति के आधार पर दी गई थी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय को जारी आदेश में कहा गया था कि नियुक्ति आदेश व्यक्तिगत जारी किए जाएं, नियुक्ति आदेश में स्पष्ट उल्लेख किया जाए कि प्रोबेशन अवधि और प्रोबेशन अवधि में देय वेतन वित्त विभाग के निर्देश अनुसार होगा। (CG Shikshak Bharti)

Related Articles

Back to top button