Google Analytics —— Meta Pixel

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में फिर मेहरबान होगा मानसून, मौसम विभाग ने जताए अच्छे संकेत

अब तक सामान्य से 21% कम बारिश, अगले पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मध्यम वर्षा के आसार

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश में कमी दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग ने 13 जुलाई से मानसून के फिर सक्रिय होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद प्रदेश में अब तक हुई मौसमी वर्षा सामान्य से 21 प्रतिशत कम बनी हुई है।

इस दौरान दुर्ग में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में आज का मौसम

मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। (CG Weather Update)

इन मौसम प्रणालियों का दिखेगा असर

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं उत्तर-पश्चिम बिहार और उससे लगे क्षेत्रों में 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच भी एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में यहां हुई बारिश

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर वर्षा डौरा कोचली में दर्ज की गई। इसके अलावा बलरामपुर, कुनकुरी, जशपुरनगर, वाड्राफनगर, दुलदुला और शंकरगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं चलगली, सन्ना, रामानुजनगर, कुसमी और प्रतापपुर में 2-2 सेंटीमीटर तथा ओडगी, भैयाथान, छिंदगढ़, कांसाबेल, बगीचा, मनोरा, उदयपुर, सूरजपुर, राजपुर, चांदो, कापू और बागबहार में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। (CG Weather Update)

यह भी पढ़े :- महायुद्ध की आहट: अमेरिका ने ईरान पर दागीं मिसाइलें, भड़क उठा मिडिल ईस्ट!

Back to top button
error: Content is protected !!