Google Analytics —— Meta Pixel

महायुद्ध की आहट: अमेरिका ने ईरान पर दागीं मिसाइलें, भड़क उठा मिडिल ईस्ट!

नए सुप्रीम लीडर खामेनेई ने खाई कसम- 'पिता की मौत का बदला लेकर रहेंगे', ट्रंप बोले- और बरसेंगी मिसाइलें

US Iran Conflict : मध्य पूर्व (Middle East) में युद्ध की चिंगारी एक बार फिर भड़क उठी है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में एक कमर्शियल जहाज पर किए गए हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ बड़ा सैन्य एक्शन लिया है। गुस्से में आए अमेरिका ने ईरान के भीतर कई ठिकानों पर सिलसिलेवार हवाई हमले (Air Strikes) किए हैं, जिसके बाद ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण ‘होर्मुज स्ट्रेट’ को अनिश्चितकाल के लिए पूरी तरह बंद करने का ऐलान कर दिया है।

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य के तट पर स्थित दो प्रमुख शहरों बंदर अब्बास और सिरिक में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई है। इस ताजा सैन्य टकराव के बाद पिछले महीने हुए बेहद नाजुक सीजफायर (युद्धविराम) समझौते पर अस्तित्व का संकट मंडराने लगा है। (US Iran Conflict)

कंटेनर जहाज पर हमला बना अमेरिकी कार्रवाई की वजह

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की है। सेंटकॉम के मुताबिक, “अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ इस हफ्ते के तीसरे दौर के हमलों को अंजाम दिया। यह कार्रवाई तब अनिवार्य हो गई जब IRGC ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज ‘M/V GFS Galaxy’ पर सीधा हमला कर दिया।”

अमेरिकी सेना ने बताया कि इस हमले के कारण जहाज के इंजन रूम को गंभीर नुकसान पहुंचा है और उसमें आग लग गई, जिससे जहाज आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया। हमले के बाद से चालक दल (Crew) का एक नागरिक सदस्य लापता है। पेंटागन ने स्पष्ट किया कि ईरान को ‘मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ (MoU) का पालन करने का मौका दिया गया था, लेकिन वह अंतरराष्ट्रीय नियमों को मानने में नाकाम रहा। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए लिखा, “ईरान ने गलत फैसला किया। अब उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।”

ईरान का पलटवार: ‘चेतावनी को नजरअंदाज किया’

दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिकी आरोपों को खारिज करते हुए जलमार्ग बंद करने की घोषणा की है। IRGC का दावा है कि कई वाणिज्यिक जहाजों ने उनके द्वारा दिए गए निर्देशों और मंजूरशुदा रूट पर चलने की चेतावनियों को नजरअंदाज किया, जिसके बाद एक जहाज पर ‘चेतावनी वाली गोली’ चलाई गई और उसे रोका गया। ईरान ने ओमान के साथ एक आपातकालीन बैठक के बाद कहा कि यदि अमेरिका ने हमले नहीं रोके, तो वह क्षेत्र में अमेरिकी और उसके सहयोगी देशों के अन्य ठिकानों को निशाना बनाने से पीछे नहीं हटेगा।

सुप्रीम लीडर मोज्तबा खामेनेई की पहली प्रतिक्रिया: ‘बदला लेकर रहेंगे’

इस पूरे घटनाक्रम के बीच ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोज्तबा खामेनेई पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं। अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद सरकारी टेलीविजन पर दिए अपने पहले बयान में उन्होंने कसम खाई कि ईरानी सेना 28 फरवरी को युद्ध के शुरुआती हमलों में हुई मौतों का बदला जरूर लेगी। उन्होंने कहा, “ऐसा बदला हमारे राष्ट्र की इच्छा है और इसे निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा।”

ट्रंप की और मिसाइल हमलों की धमकी

ईरानी सुप्रीम लीडर के इस बयान से ठीक पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि उसने अपनी हरकतों को नहीं रोका, तो अमेरिका ईरान पर और अधिक विनाशकारी मिसाइल हमले करने से नहीं चूकेगा। वाशिंगटन का साफ कहना है कि जब तक होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता और ईरान इसकी सार्वजनिक गारंटी नहीं देता, तब तक युद्ध खत्म करने की कोई भी बातचीत आगे नहीं बढ़ सकती। (US Iran Conflict)

Back to top button
error: Content is protected !!