Google Analytics —— Meta Pixel

CGPSC का बड़ा स्पष्टीकरण: राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 में 795 के बजाय 608 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चिन्हित

CGPSC Clarification About Result: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और अभ्यर्थियों के बीच फैल रहे भ्रम पर स्थिति स्पष्ट की है। आयोग ने कहा है कि 795 अभ्यर्थियों के स्थान पर 608 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के लिए चिन्हांकन नियमों के अनुरूप किया गया है। आयोग के मुताबिक राज्य सेवा परीक्षा-2025 के विज्ञापन की कंडिका 3 (iv) तथा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग प्रक्रिया नियम की कंडिका 7 के तहत प्रत्येक प्रश्न-पत्र में अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 33 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 23 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।

यह भी पढ़ें:- मुंह के छाले से कैंसर तक, पान मसाला-गुटखे को लेकर क्यों बढ़ रही चिंता ? जानिए शरीर को कैसे पहुंचाता है नुकसान ?

आयोग ने स्पष्ट किया कि कई अभ्यर्थियों के निर्धारित अर्हकारी अंक प्राप्त नहीं कर पाने के कारण साक्षात्कार के लिए चिन्हित अभ्यर्थियों की संख्या निर्धारित संख्या से कम हो सकती है। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 में भी इसी कारण 795 के स्थान पर 608 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए चिन्हित हुए हैं।CGPSC ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन की कंडिका 11 (V) के अनुसार आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना का कोई प्रावधान नहीं है। इसलिए किसी भी प्रश्न-पत्र के संबंध में पुनर्मूल्यांकन या पुनर्गणना की प्रक्रिया नहीं की जा सकती।

मेरिट और कटऑफ वेबसाइट पर होंगे जारी

आयोग ने बताया कि चयन परिणाम जारी होने के बाद प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों की मेरिट सूची और मुख्य परीक्षा का कटऑफ आयोग की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। अभ्यर्थी सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत अपनी प्रारंभिक परीक्षा की OMR उत्तर पत्रक और मुख्य परीक्षा की प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका की प्रति प्राप्त कर सकते हैं।आयोग ने मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। बताया गया कि राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में प्रश्नवार मूल्यांकन की प्रक्रिया अपनाई जाती है और यह प्रक्रिया पूरी तरह पहचान रहित होती है। इससे मूल्यांकन में शामिल किसी व्यक्ति के लिए यह जानना संभव नहीं होता कि संबंधित उत्तर पुस्तिका किस अभ्यर्थी की है। (CGPSC Clarification About Result)

आयोग के अनुसार प्रत्येक अभ्यर्थी की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में बड़ी संख्या में विषय विशेषज्ञ मूल्यांकनकर्ता शामिल होते हैं। आयोग ने कहा कि स्थापित प्रक्रियाओं, नियमों और निर्देशों के माध्यम से मूल्यांकन की शुचिता, गोपनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाती है। CGPSC ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक जानकारियों से प्रभावित न हों और आयोग की निर्धारित प्रक्रिया और नियमों के अनुरूप की गई कार्रवाई पर भरोसा रखें। (CGPSC Clarification About Result)

Back to top button
error: Content is protected !!