Chakradhar Samaroh : मुख्यमंत्री साय मांदर की थाप पर जमकर थिरके, हेमा मालिनी ने रासबिहारी नृत्य नाटिका की शानदार प्रस्तुति दी

Chakradhar Samaroh 2024 : गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रदेश के रायगढ़ जिले के रामलीला मैदान में 39वें चक्रधर समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ. इस समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया. वहीं समारोह में अपने गृह ग्राम बगिया के कर्मा नर्तकों को मांदर की थाप पर कर्मा नृत्य करते देख मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं को नहीं रोक सके और मुख्य मंच पर हाथ में मांदर थामे हुए जमकर थिरके. इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम और ओपी चौधरी ने भी कर्मा नृत्य किया.
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : गणेश पंडाल में DJ पर डांस को लेकर दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, तीन की मौत

शनिवार से शुरू हुए चक्रधर समारोह (Chakradhar Samaroh 2024) में प्रख्यात अभिनेत्री, नृत्यांगना एवं सांसद हेमा मालिनी एवं उनकी टीम ने भरतनाट्यम पर रासबिहारी नृत्य नाटिका की शानदार प्रस्तुति दी। नृत्य नाटिका रासबिहारी की मनमोहक प्रस्तुति से कलाप्रेमी और दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। इस प्रस्तुति के बीच में कई प्रसंगों के मध्य दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। हेमा मालिनी और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत रासबिहारी नृत्य नाटिका भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला, आराधना, संयोग-वियोग के प्रसंग दर्शकों को अभिभूत कर गए।

उल्लेखनीय है कि संगीत एवं कलाधानी नगरी रायगढ़ में आज 39वें चक्रधर समारोह (Chakradhar Samaroh 2024) का भव्य एवं रंगारंग आगाज हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 10 दिन तक चलने वाले इस समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सुप्रसिद्ध अभिनेत्री, पद्मश्री हेमा मालिनी जी द्वारा भरतनाट्यम अंतर्गत नृत्य नाटिका रास बिहारी की आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। संगीत, नृत्य की अनुपम छटा, चक्रधर समारोह की खूबसूरती को और अधिक मनोहारी बना रही है। ये रायगढ़ सहित समूचे छत्तीसगढ़ के लिए गौरवशाली है।



