Google Analytics —— Meta Pixel

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत का बड़ा बयान, कहा- वर्तमान सरकार में कांग्रेस से डेढ़ गुना बढ़ा भ्रष्टाचार 

Charandas Mahant Statement: छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार को लेकर कांग्रेस लगातार बीजेपी को घेर रही है। इस बीच पेंड्रा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इन्हें जाने की बहुत जल्दी है। कांग्रेस शासनकाल में जैसा लोग बताते हैं, किसी कार्य का खर्च 100 रुपए होता था, वहीं अब यह डेढ़ गुना बढ़ गया है। कोयले पर कांग्रेस सरकार के समय 25 रुपए लिया जाता था, जिसे बढ़ाकर अब 40 रुपए कर दिया गया है। महंत के इस बयान पर सवाल उठ रहा है कि क्या यह कांग्रेस का इकबालिया बयान है? क्या कांग्रेस मान रही है कि उसके शासनकाल में भ्रष्टाचार था और अब भाजपा की सरकार में उससे भी ज्यादा है ?

यह भी पढ़ें:- जन्मदिन के दिन पूर्व CM भूपेश बघेल को बड़ा झटका, बेटा चैतन्य 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल  

महंत ने आगे कहा कि संविधान के विपरीत भाजपा सरकार ने 14 मंत्रियों की संख्या रखी है। मैंने यह बात राज्यपाल के सामने उठाई है अब जरूरत पड़ेगी तो न्यायालय भी जाऊंगा। उन्होंने नए मंत्रियों की शिक्षा और संस्कार पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्री अशिक्षित हैं तो क्या हुआ संस्कारवान तो होने ही चाहिए, लेकिन अनुभवहीन लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल कर दिया गया। जबकि अनुभवी और संस्कारवान लोगों को दरकिनार कर दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की प्रतिमा अनावरण को लेकर उपजे विवाद पर भी महंत ने नाराजगी जताई। (Charandas Mahant Statement)

इसका विरोध करती है कांग्रेस: महंत

उन्होंने कहा कि यहां के असंतोषी लोगों ने प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की, जो गलत है। मैंने कलेक्टर से भी इस मामले में बात की थी। राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री और आदिवासी नेता की प्रतिमा अगर उनके गांव और घर में नहीं लगाई जाएगी तो यह किस तरह का शासन है ? उनका नाम कोई मिटा नहीं सकता। कांग्रेस इसका विरोध करती है।  महंत ने कहा कि वे इस विषय को मुख्यमंत्री और विधानसभा में उठाएंगे, ताकि स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ न्याय हो सके। इस पर कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार किया है। जायसवाल ने कहा कि चरणदास महंत अनुभवी नेता हैं, लेकिन समझ नहीं आ रहा कि आखिर वे किसके दबाव में यह कह रहे हैं। हरियाणा में भी 14 मंत्री हैं, लेकिन वहां कभी किसी ने पत्राचार नहीं किया। महंत कांग्रेस के दबाव में इस तरह का पत्र लिख रहे हैं। (Charandas Mahant Statement)

पूर्व CM भूपेश बघेल ने बोला हमला

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अब विपक्ष में रहकर सिर्फ भ्रम फैलाने और अनावश्यक विवाद खड़ा करने का काम कर रही है। जबकि भाजपा सरकार पूरी तरह संवैधानिक दायरे में कार्य कर रही है। इधर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि बिलासपुर हाईकोर्ट ने यहां फैसला दिया है, हम उसकी बात करेंगे कि दूसरे प्रदेश की बात करेंगे ? और इसको लागू कौन किया है? स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जब प्रधानमंत्री थे, तब यह नियम बनाए गए। रमन सिंह के समय चार मंत्री हटे थे। फिर जो लोकसभा में पारित हो गया है, उसे कैसे बदला जा सकता है ? भूपेश बघेल ने आगे कहा कि ये संविधान को मानने वाले नहीं हैं। यही बात तो राहुल गांधी भी कह रहे हैं कि यह देश संविधान से चलेगा। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार जानबूझकर संवैधानिक व्यवस्था को नजरअंदाज कर विवाद खड़ा कर रही है। जबकि यह नियम पहले से ही लागू है और न्यायालय तक इस पर निर्णय दे चुका है। (Charandas Mahant Statement)

Back to top button
error: Content is protected !!