BJP ने छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी, गोमती साय को गुजरात, सौरभ सिंह को झारखंड का जिम्मा

Chhattisgarh BJP Leaders: भाजपा ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को दूसरे राज्यों में अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पत्थलगांव विधायक गोमती साय को गुजरात का सह-प्रभारी बनाया गया है, जबकि अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। दोनों नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ की बढ़ती भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है। विधायक गोमती साय को पार्टी संगठन में काम करने का लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत 2005 में जशपुर जिला पंचायत सदस्य के तौर पर की थी। इसके बाद 2006 से 2008 तक उन्होंने जशपुर जिला युवा मोर्चा की महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली। 2008 से 2010 तक वे जशपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष रहीं।
2010 से 2015 तक फरसाबहार जनपद सदस्य और 2015 से 2019 तक जशपुर जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में काम किया। गोमती साय का राजनीतिक सफर इसके बाद राष्ट्रीय राजनीति तक पहुंचा। 2019 में वे रायगढ़ लोकसभा सीट से सांसद चुनी गईं। इसके बाद 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें पत्थलगांव से मैदान में उतारा, जहां जीत दर्ज कर वे विधायक बनीं। अब भाजपा संगठन ने उन्हें गुजरात जैसे महत्वपूर्ण राज्य में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी है। वहीं सौरभ सिंह ने 2008 में BSP के टिकट पर अकलतरा विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया था। इसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थामा। 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर अकलतरा से जीत दर्ज कर दूसरी बार विधायक बने। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर अकलतरा से चुनाव लड़ा, हालांकि इस बार उन्हें जीत नहीं मिली। (Chhattisgarh BJP Leaders)

अब पार्टी ने उन्हें झारखंड में संगठन की जिम्मेदारी दी है। नई भूमिका में वे झारखंड भाजपा के संगठनात्मक कामकाज और पार्टी गतिविधियों में अहम भूमिका निभाएंगे। भाजपा की नई संगठनात्मक नियुक्तियों में छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को दूसरे राज्यों में जिम्मेदारी मिलना खास है। इसी संगठनात्मक बदलाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। सिद्धार्थ शंभु को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। यानी एक तरफ छत्तीसगढ़ में नए प्रभारी और सह-प्रभारी की नियुक्ति हुई है तो दूसरी तरफ प्रदेश के दो नेताओं को भी दूसरे राज्यों में संगठन की जिम्मेदारी मिली है। भाजपा के इस फेरबदल के बाद अब गोमती साय गुजरात और सौरभ सिंह झारखंड में संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभु पार्टी संगठन की कमान संभालेंगे। छत्तीसगढ़ बीजेपी ने दोनों नेताओं को जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी है। (Chhattisgarh BJP Leaders)

CM विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा पत्थलगांव विधानसभा से विधायक और रायगढ़ की पूर्व सांसद बहन गोमती साय को गुजरात भाजपा का सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। छत्तीसगढ़ की सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में गोमती साय का सार्वजनिक जीवन में लंबा अनुभव रहा है। मुझे विश्वास है कि उनके सुदीर्घ अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण का लाभ गुजरात में संगठन को मिलेगा और वे इस नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगी। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष, पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी का दायित्व सौंपे जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपकी संगठनात्मक क्षमता और सक्रिय कार्यशैली से झारखंड में संगठन और ज्यादा सशक्त होगा। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि गोमती साय के सांगठनिक अनुभव का लाभ गुजरात में संगठन को मिलेगा। पूर्ण विश्वास है वे इस महत्वपूर्ण दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगी। सौरभ सिंह के संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और समर्पण से झारखंड में संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिले, ऐसी मंगलकामना।



