छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज, 18 से 19 अगस्त के बीच हो सकता है शपथ ग्रहण

Chhattisgarh Cabinet Expansion: छत्तीसगढ़ की राजनीति में लंबे समय से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश दौरे से पहले मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। 18 से 19 अगस्त के बीच नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। कहा जा रहा है कि आज शाम को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजभवन जाएंगे और राज्यपाल से विस्तार की तारीख को लेकर चर्चा करेंगे। सूत्रों के अनुसार तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन साधने के लिए दुर्ग, बस्तर और रायपुर संभाग से एक-एक नाम पर मुहर लग सकती है।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे छत्तीसगढ़ का वैश्विक मंच पर नेतृत्व
ये बनाए जा सकते हैं मंत्री
- दुर्ग संभाग से गजेंद्र यादव का नाम लगभग तय माना जा रहा है।
- रायपुर से खुशवंत साहेब या पुरंदर मिश्रा का नाम सबसे आगे चल रहा है।
- बस्तर से भी एक चेहरे को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की चर्चा है।
इसके अलावा भाजपा विधायक अमर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल और पुरंदर मिश्रा के नाम भी दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इंतजार करिए, जल्द होगा। विदेश दौरे से पहले उन्होंने संकेत दिए कि विस्तार कभी भी हो सकता है। इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कितने दिन से सुनते-सुनते कान पक गया। भाजपा नेता कई बार सूट सिला चुके हैं, फिर पुराना हो जाता है, फिर नया सिलाना पड़ता है। सवाल ये है कि विस्तार हो पाएगा कि नहीं ? (Chhattisgarh Cabinet Expansion)
21 अगस्त से विदेश दौरे पर मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अगस्त से 10 दिवसीय विदेश यात्रा पर जापान और दक्षिण कोरिया जाएंगे। यह उनका बतौर मुख्यमंत्री पहला विदेश दौरा होगा। CM साय के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और उद्योग सचिव रजत कुमार भी शामिल होंगे। इस दौरे में CM निवेशकों और उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे और राज्य की नई उद्योग नीति को प्रस्तुत करेंगे। CM साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नई उद्योग नीति लाई गई है। 6-7 महीनों में हमें साढ़े 6 लाख करोड़ रुपए के प्रस्ताव मिले हैं। जापान में होने वाले CII सम्मेलन में हम निवेशकों को आमंत्रित करेंगे। (Chhattisgarh Cabinet Expansion)



