छत्तीसगढ़ निकाय और पंचायत उपचुनाव, अध्यक्ष पदों पर भाजपा आगे तो वार्डों में कांग्रेस ने दिखाई ताकत
Chhattisgarh Election Results: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनावों की मतगणना गुरुवार को पूरी हो गई। चुनाव परिणामों ने प्रदेश की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा की तस्वीर सामने रखी है। नगरीय निकाय अध्यक्ष पद के 5 उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने 3 सीटों पर जीत दर्ज कर बढ़त बनाई, जबकि कांग्रेस को 2 सीटों पर सफलता मिली। वहीं 71 पार्षद पदों के परिणामों में भाजपा ने 39 सीटें जीतकर बढ़त बनाई, जबकि कांग्रेस को 30 सीट मिली और 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। दूसरी ओर त्रि-स्तरीय पंचायतों में वार्ड पंच, सरपंच और जनपद सदस्य के कुल 151 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। परिणाम घोषित होने के साथ ही विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और चुनावी आदर्श आचार संहिता समाप्त कर दी गई।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में निकाय और पंचायत चुनाव परिणाम घोषित, पांच में से तीन अध्यक्ष पद भाजपा के खाते में, कांग्रेस से कड़ा मुकाबला
उपचुनावों में भाजपा ने जांजगीर-चांपा जिले की बमनीडीह नगर पंचायत, सूरजपुर जिले की शिवनंदनपुर नगर पंचायत और कबीरधाम जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं कांग्रेस ने बलौदाबाजार जिले की पलारी नगर पंचायत और राजनांदगांव जिले की घुमका नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। हालांकि वार्ड स्तर पर कई जगहों पर तस्वीर अलग दिखाई दी, जहां अध्यक्ष पद भाजपा के खाते में गया, लेकिन पार्षदों में कांग्रेस को बहुमत मिला। नगर निगम उपचुनावों में कांग्रेस ने भाजपा को करारा झटका दिया। जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण (रामदत्त) तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी मनोहर दत्त तिवारी को 436 मतों के अंतर से पराजित किया। मनोहर दत्त तिवारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी माने जाते हैं।

कांग्रेस प्रत्याशी को 814 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 378 वोटों पर संतोष करना पड़ा। खास बात यह रही कि इंदिरा वार्ड पिछले तीन दशकों से कांग्रेस का गढ़ बना हुआ है और पार्टी ने अपनी परंपरागत बढ़त बरकरार रखी। यह सीट कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद अब्दुल रशीद के निधन के बाद रिक्त हुई थी। अब्दुल रशीद लगातार चार बार पार्षद चुने गए थे और इससे पहले उनकी माता भी दो बार इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं। उपचुनाव में कुल 1542 मतदाताओं में से 1223 लोगों ने मतदान किया। परिणाम आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। इसी तरह बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के वी. मधुसूदन राव को 1062 मतों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। यह वार्ड पिछले लगभग 40 सालों से कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है।
घुमका नगर पंचायत में अध्यक्ष कांग्रेस की, वार्डों में भाजपा मजबूत
राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस वार्ड में भाजपा ने पूरी ताकत झोंकी थी, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया। शेख आजम ने अपनी जीत को जनता के विश्वास और अपने परिवार की वर्षों की जनसेवा का सम्मान बताया। राजनांदगांव जिले की नवगठित घुमका नगर पंचायत के चुनाव परिणामों ने दिलचस्प राजनीतिक संदेश दिया। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस उम्मीदवार फूलमती वर्मा ने भाजपा की किरण वर्मा को 85 मतों से पराजित कर पहली नगर पंचायत अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया। हालांकि 15 वार्डों वाली नगर पंचायत में भाजपा ने 10 वार्डों में जीत दर्ज कर परिषद में स्पष्ट बढ़त बनाई। कांग्रेस को 4 सीटें मिलीं, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा। (Chhattisgarh Election Results)
शिवनंदनपुर में भाजपा अध्यक्ष, लेकिन पार्षदों में कांग्रेस आगे
करीब 3200 मतदाताओं वाली इस नगर पंचायत में दोनों प्रमुख दलों ने जोरदार चुनाव प्रचार किया था। प्रदेश स्तरीय नेताओं की सक्रियता के कारण यह चुनाव पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना रहा। परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस ने इसे जनता के विश्वास की जीत बताया, जबकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की जीत और परिषद में भाजपा की बढ़त स्थानीय राजनीति में मिश्रित जनादेश का संकेत देती है। सूरजपुर जिले की नवगठित शिवनंदनपुर नगर पंचायत के पहले चुनाव में भाजपा ने अध्यक्ष पद जीतकर इतिहास रच दिया। भाजपा उम्मीदवार रितेश जायसवाल ने कांग्रेस के संजय सोनी को 362 मतों के अंतर से हराया। रितेश जायसवाल को 2028 वोट मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 1666 मत प्राप्त हुए। आम आदमी पार्टी को मात्र 215 वोट मिले।
पलारी में कांग्रेस का दबदबा कायम
अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत के बावजूद पार्षद चुनावों में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया। कुल 15 वार्डों में से कांग्रेस ने 8 और भाजपा ने 7 वार्डों में जीत दर्ज की। इस प्रकार परिषद में कांग्रेस बहुमत में रही, जबकि नगर पंचायत की कमान भाजपा के हाथों में चली गई। परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया और इसे विकास तथा संगठन की जीत बताया। बलौदाबाजार जिले की पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस उम्मीदवार यानेश साहू ने भाजपा के लखन लाल गुरूपंच को 506 मतों के अंतर से पराजित किया। सिर्फ अध्यक्ष पद ही नहीं, परिषद में भी कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला। 15 वार्डों में से कांग्रेस ने 10 वार्डों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा को 5 वार्डों में सफलता मिली। एक वार्ड में कांग्रेस की जीत लॉटरी के माध्यम से तय हुई।
कांकेर में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन
इस जीत को कांग्रेस ने स्थानीय स्तर पर जनता के भरोसे और संगठन की मजबूती का परिणाम बताया है। पलारी का परिणाम कांग्रेस के लिए मनोवैज्ञानिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांकेर जिले के दो नगर पंचायत उपचुनावों में भी कांग्रेस ने जीत हासिल की। चारामा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 में कांग्रेस उम्मीदवार मोहित नायक ने 286 मतों से जीत दर्ज की। वहीं पखांजूर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 9 में कांग्रेस की रूखमणि एट्टी ने भाजपा उम्मीदवार संजीता विश्वास को 65 वोटों से हराया। इन परिणामों को कांग्रेस संगठन ने आदिवासी क्षेत्रों में पार्टी के मजबूत जनाधार का संकेत बताया है। (Chhattisgarh Election Results)
सहसपुर लोहारा में भाजपा की बड़ी जीत
कबीरधाम जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने अध्यक्ष पद पर प्रभावशाली जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस समर्थित माने जा रहे रोशन वैष्णव को 762 मतों के अंतर से पराजित किया। सरिता मिश्रा को 1949 वोट मिले, जबकि रोशन वैष्णव को 1187 मत प्राप्त हुए। निर्दलीय प्रत्याशी अजय यादव को 1018 वोट मिले। मतगणना के दौरान भाजपा उम्मीदवार लगातार बढ़त बनाए रहीं और आखिर में बड़ी जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। भाजपा नेताओं ने इसे प्रदेश सरकार की नीतियों और जनता के विश्वास की जीत बताया।
बमनीडीह में भाजपा का एकतरफा प्रदर्शन
जांजगीर-चांपा जिले की बमनीडीह नगर पंचायत में भाजपा ने अध्यक्ष पद के साथ-साथ परिषद में भी स्पष्ट बहुमत हासिल किया। भाजपा उम्मीदवार रमेश डड़सेना ने 889 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। 15 वार्डों में से भाजपा ने 11 वार्डों में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को केवल 3 वार्डों में सफलता मिली और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। जीत के बाद रमेश डड़सेना ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी, राज्य सरकार की योजनाओं और जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने नगर के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया। (Chhattisgarh Election Results)
जशपुर में भी भाजपा का परचम
जशपुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 8 और 14 में हुए उपचुनावों में भाजपा ने जीत दर्ज की। वार्ड क्रमांक 8 से प्रेमलता साहू 164 मतों से विजयी रहीं, जबकि वार्ड क्रमांक 14 में भाजपा की प्रिया सिंह ने 96 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उपचुनाव परिणामों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि बिलासपुर और जगदलपुर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कांग्रेस की जीत यह साबित करती है कि भाजपा सरकार से जनता का विश्वास उठ रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को भाजपा पूरा नहीं कर पाई है और यह परिणाम कांग्रेस के लिए अच्छे दिनों की शुरुआत है।

वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार के ढाई सालों के कार्यों का सकारात्मक परिणाम चुनाव में दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों से लेकर पंचायत स्तर तक अधिकांश जगहों पर भाजपा को सफलता मिली है और जनता सरकार के सुशासन से संतुष्ट है। कांग्रेस के भाजपा पर चुनावी संसाधनों के दुरुपयोग के आरोपों पर कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में हार के बाद बहाने बनाती है और परिणाम स्वीकार करने की बजाय दोषारोपण करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जीतती तो बोलती सरकार की नाकामी है। हम जीते हैं तो उनको पैसे की जीत लग रही है। हर जगह दूसरों को दोष देते हैं। हर चुनाव में पीटते है। रिजल्ट से पहले बोलते हैं सरकार बनाएंगे। हारने पर दोष देते हैं।
भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला
छत्तीसगढ़ के इन उपचुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला बेहद कड़ा बना हुआ है, जहां अध्यक्ष पदों पर भाजपा को बढ़त मिली है, वहीं कई शहरी क्षेत्रों और उपचुनावों में कांग्रेस ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कुछ जगहों पर अध्यक्ष और परिषद के अलग-अलग परिणामों ने मतदाताओं के संतुलित जनादेश को भी सामने रखा है। आने वाले स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों के लिए इन परिणामों को दोनों दल अपनी-अपनी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहे हैं। इन उपचुनाव परिणामों को आगामी विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है। दोनों प्रमुख दल अब इन नतीजों का गहन विश्लेषण कर अपनी संगठनात्मक रणनीति, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को और मजबूत करने में जुटेंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर यही रुझान आगे भी कायम रहता है, तो आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला और ज्यादा रोचक, कांटे का और प्रतिष्ठा का बन सकता है।



