छत्तीसगढ़ सरकार का प्रशासनिक फैसला, कई वरिष्ठ अधिकारियों की बदली जिम्मेदारियां

CG IAS Transfer : छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रमेश कुमार शर्मा को नई जिम्मेदारी सौंपी है। वर्तमान में गृह विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत शर्मा को सहकारिता आयुक्त एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने आदेश जारी कर दिया है।

रमेश कुमार शर्मा छत्तीसगढ़ कैडर के 2010 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मंत्रालय और प्रशासनिक गलियारों में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
वन विभाग में भी बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
राज्य सरकार ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में भी वरिष्ठ स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
जारी आदेश के अनुसार, कोलेन्द्र कुमार, जो वर्तमान में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (अनुसंधान एवं मूल्यांकन) के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें उनके मौजूदा दायित्वों के साथ छत्तीसगढ़ राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, रायपुर के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। (CG IAS Transfer)
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
ओ.पी. यादव को प्रभारी प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण) तथा सह-मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के पद पर पदस्थ किया गया है।
शालिनी रैना (2001 बैच) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CAMPA) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे वर्तमान में वन मुख्यालय में प्रशासन, समन्वय तथा राजपत्रित एवं अराजपत्रित कर्मचारियों से संबंधित कार्यों का दायित्व संभाल रही हैं।
माधेश्वर डी. को प्रभारी अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास एवं योजना, बजट, लेखा एवं लेखा परीक्षण) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे वर्तमान में वन्यजीव प्रबंधन एवं योजना, राज्य जैव विविधता बोर्ड तथा राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण से जुड़े कार्यों का दायित्व निभा रहे हैं।
राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रभावी संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। (CG IAS Transfer)



