चक्रवात अर्नब का छत्तीसगढ़ में असर, बस्तर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए आपके जिले में कैसा रहेगा मौसम

Chhattisgarh Heavy Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं, ठंडी हवाएं चल रही हैं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से अतिभारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। तूफान का सबसे ज्यादा असर दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में देखने को मिल सकता है। वहीं अगले दिन उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- CG Weather Alert: चक्रवात अर्नब से छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का खतरा, 12 जिले संवेदनशील; राहत-बचाव की तैयारी तेज
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्नब 28 अक्टूबर की तड़के आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। जानकारी के मुताबिक तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही और लैंडफॉल की प्रक्रिया करीब तीन घंटे तक चली। विशाखापत्तनम, अनकापल्ली, काकीनाड़ा और कोनसीमा समेत तटीय इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। निचले क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ के खतरे को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। चक्रवात के प्रभाव से समुद्र की ओर से नम हवाएं मध्य भारत की तरफ बढ़ रही हैं। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ा है। मंगलवार को रायपुर समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। (Chhattisgarh Heavy Rain Alert)
दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी से अतिभारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार 28 अक्टूबर को दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जगहों पर भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। बारिश की तीव्रता 115.5 से 204.5 मिलीमीटर तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में इससे ज्यादा बारिश होने की आशंका भी है। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है। 29 अक्टूबर को चक्रवात का प्रभाव उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ की ओर ज्यादा महसूस हो सकता है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश होने का अनुमान है।
28 अक्टूबर को बस्तर के पांच जिलों में रेड अलर्ट
तेज हवाओं की गति सामान्यतः 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि कुछ इलाकों में यह 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता जरूरी है। रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, नारायणपुर, मुंगेली और सारंगढ़-बिलाईगढ़ समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है। वहीं सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, रायगढ़, शक्ति, कोरबा और जांजगीर-चांपा समेत अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। (Chhattisgarh Heavy Rain Alert)
29 अक्टूबर को इन जिलों के लिए अलर्ट
29 अक्टूबर के लिए उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में ज्यादा गंभीर मौसम की चेतावनी दी गई है। कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और बलरामपुर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा और जांजगीर-चांपा के लिए ऑरेंज अलर्ट है। सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, शक्ति, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर समेत अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए बस्तर संभाग के सात जिलों यानी बस्तर, बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। (Chhattisgarh Heavy Rain Alert)
बस्तर और दुर्ग में स्कूलों की छुट्टी
इंद्रावती, मारकंडी और नारंगी नदियों के आसपास बसे गांवों समेत निचले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को संभावित जलभराव और बाढ़ के खतरे के प्रति जागरूक करने के लिए मुनादी कराई गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए 18 से जगहों भवनों को राहत शिविरों में बदलने की तैयारी की गई है। इन शिविरों में भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और परिवहन की व्यवस्था रखने की बात कही गई है। जिला स्तर पर 24 घंटे सक्रिय बाढ़ नियंत्रण कक्ष शुरू किए गए है। हेल्पलाइन नंबर 07782-223122 है। आपदा प्रबंधन के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और होमगार्ड की टीमों को भी तैनात की गई है। चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए बस्तर संभाग के कुछ जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित किए गए हैं। जगदलपुर समेत बस्तर और सुकमा जिले के स्कूलों में एहतियातन अवकाश की घोषणा की गई है। दुर्ग जिले में भी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है।
रायपुर में बादल, तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम खराब रहने के दौरान लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने समेत नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की सलाह दी गई है। तेज हवा के दौरान कमजोर छतों, अस्थायी ढांचों और खुले जगहों पर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। चक्रवात के असर से रायपुर में बादल छाए रहने और बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है। आंकड़ों के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.6 और न्यूनतम 19.6 डिग्री, पेंड्रारोड में 27 और 15.8 डिग्री, अंबिकापुर में 30.5 और 13.4 डिग्री, जगदलपुर में 27.6 और 19.2 डिग्री, दुर्ग में 29.2 और 17.2 डिग्री तथा राजनांदगांव में 29.1 और 17.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी यहीं 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण आने वाले दिनों में तापमान में बदलाव संभव है। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में अगले दो दिनों तक बदलाव बने रहने की संभावना है।



