राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा छत्तीसगढ़, 25 राज्यों के 6 हजार से ज्यादा खिलाड़ी होंगे शामिल

Chhattisgarh Host National Games: एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की मेजबानी इस बार छत्तीसगढ़ को मिली है। यह खेल प्रतियोगिता 14 से 20 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। खेल प्रतियोगिता में 15 एकल और युगल समेत 7 सामूहिक जैसे कुल 22 खेलों का आयोजन किया जाएगा। आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने नवा रायपुर स्थित आदिवासी अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान के सभाकक्ष में को-ऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में दिल्ली से नेस्ट्स के ज्वाइंट कमिश्नर बीसी रतोरी, असिस्टेंट कमिश्नर गौरव सिंह, टीआरआई के प्रभारी संचालक संजय गौड़, खेल विभाग के अधिकारी और विभिन्न खेल एसोसिएशन के प्रतिनिधि समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:- देश की राजधानी दिल्ली में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की दिखी झलक, CM साय भी हुए शामिल
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि 14 से 20 दिसंबर के मध्य प्रस्तावित एकलव्य आवासीय विद्यालय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों में संचालित एकलव्य विद्यालय के लगभग 6 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। उन्होंने खेल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए प्रारंभिक तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बैठक में खिलाड़ियों और उनके साथ आने-वाले अधिकारियों के ठहरने, भोजन और आवागमन के साथ ही खेल स्थलों, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली-पानी समेत दूसरे व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। (Chhattisgarh Host National Games)
75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित
प्रमुख सचिव बोरा ने बताया कि भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय, राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा समिति, नई दिल्ली की ओर से अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर सामान्य जाति के विद्यार्थियों के समकक्ष लाने और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करने के उद्देश्य से प्रदेश में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं। वर्तमान में प्रदेश में 10 कन्या, 06 बालक और 59 संयुक्त को मिलकर कुल 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। वहीं कांकेर जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अंतागढ़, संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कांकेर, भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल और कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय नरहरपुर में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। (Chhattisgarh Host National Games)
10 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कांकेर की ओर से चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए https://eklavya.cg.nic.in/ के माध्यम से 10 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया गया है। भरे गए ऑनलाइन आवेदन में त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 11 से 19 दिसंबर है। प्रवेश चयन परीक्षा 19 जनवरी दिन रविवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा। सहायक आयुक्त ने बताया कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 01 अप्रैल 2025 को 10 से 13 साल के मध्य होना चाहिए। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आयु सीमा में अधिकतम दो साल की छूट रहेगी। प्रवेश के समय कक्षा 5वीं उत्तीर्ण हो, छत्तीसगढ़ का मूल निवासी हो, छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा घोषित जनजातीय वर्ग, समुदाय का सदस्य हो तथा विद्यार्थी को किसी अन्य विद्यालय से निष्कासित न किया गया हो। (Chhattisgarh Host National Games)



