Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh Land Use Rules – छत्तीसगढ़ में जमीन इस्तेमाल के बदलेंगे नियम! आवासीय से कृषि भूमि तक इन गतिविधियों पर रोक का प्रस्ताव

छत्तीसगढ़ भूमि विकास नियम 1984 में संशोधन का प्रारूप जारी हुआ है। आवासीय, वाणिज्यिक, औद्योगिक और कृषि भूमि के उपयोग को लेकर कई गतिविधियों पर रोक का प्रस्ताव है।

Chhattisgarh Land Use Rules : छत्तीसगढ़ में शहरों और विकसित हो रहे नगरीय क्षेत्रों में जमीन के उपयोग से जुड़े नियमों में बदलाव की तैयारी है। आवास एवं पर्यावरण विभाग ने छत्तीसगढ़ भूमि विकास नियम, 1984 में संशोधन का प्रारूप जारी किया है। प्रस्तावित संशोधन में अलग-अलग भूमि उपयोग श्रेणियों के लिए सामान्यतः निषिद्ध गतिविधियों की सूची को स्पष्ट किया गया है।

प्रस्ताव में आवासीय, वाणिज्यिक, औद्योगिक, सार्वजनिक-अर्धसार्वजनिक, परिवहन, आमोद-प्रमोद और कृषि भूमि के उपयोग से जुड़ी गतिविधियों को लेकर प्रावधान किए गए हैं। सरकार ने प्रारूप पर आम लोगों और प्रभावित पक्षों से राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से 15 दिनों के भीतर आपत्ति और सुझाव मांगे हैं। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर विचार करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल ये सभी प्रावधान प्रस्तावित हैं। जब तक संशोधन को अंतिम रूप नहीं दिया जाता, इन्हें लागू नियम नहीं माना जाएगा।

आवासीय क्षेत्र में इन गतिविधियों पर रोक का प्रस्ताव

प्रस्तावित नियमों के अनुसार आवासीय भूमि उपयोग क्षेत्र में कई गतिविधियों को सामान्यतः निषिद्ध रखने का प्रावधान किया गया है। इनमें हरित, नारंगी, लाल और नीले श्रेणी के उद्योग, गोदाम, बूचड़खाने, कबाड़खाने, संक्रामक रोग अस्पताल, कारागार और बड़े परिवहन टर्मिनल शामिल हैं।

इसके अलावा थोक व्यापार, तेल डिपो, पेट्रोलियम एवं ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण, गैस गोदाम, पशुपालन, मछली पालन, दुग्ध उत्पादन और कुक्कुट पालन जैसी गतिविधियों को भी प्रस्तावित प्रतिबंधित सूची में रखा गया है। दाह संस्कार और कब्रिस्तान से संबंधित गतिविधियां भी इसमें शामिल हैं। (Chhattisgarh Land Use Rules )

वाणिज्यिक भूमि पर भी कई गतिविधियां प्रतिबंधित

वाणिज्यिक भूमि उपयोग क्षेत्र में नारंगी, लाल और नीले श्रेणी के उद्योगों को सामान्यतः निषिद्ध गतिविधियों में रखने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही खतरनाक या विषाक्त रसायनों तथा विस्फोटक सामग्री के भंडारण पर भी रोक का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है।

पशुपालन, मछली पालन, दुग्ध उत्पादन और कुक्कुट पालन के अलावा दाह संस्कार और कब्रिस्तान से जुड़ी गतिविधियों को भी इस सूची में शामिल किया गया है।

औद्योगिक क्षेत्र में भी भूमि उपयोग होगा निर्धारित

औद्योगिक भूमि उपयोग क्षेत्र में पूर्णतः आवासीय टाउनशिप को सामान्यतः निषिद्ध गतिविधियों में रखने का प्रस्ताव है। हालांकि अनुमत कर्मचारी आवास, छात्रावास और शयनागार को इससे अलग रखा गया है।

प्रस्ताव में विद्यालय, संक्रामक रोग अस्पताल, कारागार, बड़े परिवहन टर्मिनल, थोक व्यापार, तेल डिपो, पेट्रोलियम एवं ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण और गैस गोदाम जैसी गतिविधियों को भी सामान्यतः निषिद्ध सूची में शामिल किया गया है।

कृषि भूमि पर बड़े वाणिज्यिक प्रोजेक्ट और उद्योग पर रोक का प्रस्ताव

कृषि भूमि के उपयोग को लेकर भी प्रस्ताव में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत आवासीय अभिन्यास, वाणिज्यिक परिसर, बड़े वाणिज्यिक प्रोजेक्ट, खतरनाक वाणिज्यिक उपयोग और विभिन्न श्रेणी के उद्योगों को सामान्यतः निषिद्ध गतिविधियों में शामिल करने का प्रस्ताव है।

सरकार ने प्रारूप पर आम लोगों और प्रभावित पक्षों से सुझाव एवं आपत्तियां मांगी हैं। इन पर विचार के बाद प्रस्तावित संशोधनों को अंतिम रूप दिया जाएगा। (Chhattisgarh Land Use Rules )

यह भी पढ़े :- सीएम साय की अध्यक्षता में 30 सितंबर को होगी मंत्रिपरिषद की बैठक

Back to top button
error: Content is protected !!