Chhattisgarh Politics: भाजपा ने अपने ही मंत्री को थमाया कारण बताओ नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला

Chhattisgarh Politics : छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मचाने वाला एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने ही सरकार के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस कोरबा नगर निगम के सभापति पद पर भाजपा से बागी प्रत्याशी नूतन सिंह ठाकुर की जीत पर बधाई देने के कारण भेजा गया है।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh News Update : ED की कार्रवाई पर सियासत तेज, कांग्रेस का आज प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन
क्या है पूरा मामला?
कोरबा नगर निगम के सभापति पद के लिए भाजपा ने हितानंद अग्रवाल को आधिकारिक प्रत्याशी बनाया था। हालांकि, भाजपा से बगावत कर नूतन सिंह ठाकुर ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और 33 मतों से जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी केवल 18 वोट ही हासिल कर सके।
इस बगावत को गंभीर मानते हुए भाजपा ने नूतन ठाकुर को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। लेकिन इस बीच मंत्री लखनलाल देवांगन ने नूतन ठाकुर की जीत पर उन्हें बधाई दे दी और इसे भाजपा की ही जीत बताया।
मंत्री के इस बयान से बढ़ा विवाद

छत्तीसगढ़ शासन में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने अपने बयान में कहा था कि :-
> “नूतन ठाकुर ने सर्वसम्मति से जीत हासिल की है। अब नगर निगम में महापौर और सभापति दोनों पदों पर भाजपा का नियंत्रण है, जिससे कोरबा के विकास को गति मिलेगी।”
भाजपा ने इस बयान को गंभीरता से लेते हुए इसे अनुशासनहीनता करार दिया और लखनलाल देवांगन को कारण बताओ नोटिस जारी कर 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
अब आगे क्या
इस घटनाक्रम ने भाजपा के आंतरिक अनुशासन और सांगठनिक एकता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्टी ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि वह आंतरिक अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं करेगी। (Chhattisgarh Politics)
इस विवाद से भाजपा में अंदरूनी गुटबाजी की अटकलें तेज हो गई हैं। यह मामला आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ की सियासत में और उथल-पुथल मचा सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि लखनलाल देवांगन भाजपा के नोटिस का क्या जवाब देते हैं और पार्टी इस पर क्या फैसला लेती है। (Chhattisgarh Politics)




