Google Analytics —— Meta Pixel

CG Weather: छत्तीसगढ़ में गर्मी से मिलेगी राहत! 19 सितंबर से बढ़ेगी बारिश, भारी बारिश का अलर्ट

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में 19 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। IMD ने 20 से 24 सितंबर तक भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के कारण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि अब लोगों के लिए राहत की खबर है। 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक 20 से 24 सितंबर के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

19 सितंबर से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 सितंबर को प्रदेश में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद 20 और 21 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 22 से 24 सितंबर तक भी कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम में यह बदलाव मौजूदा मौसमी सिस्टम के प्रभाव से देखने को मिल सकता है। इसके चलते प्रदेश में बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ने के आसार हैं।

रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?

राजधानी रायपुर में 18 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। रायपुर-माना में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री रहने का अनुमान है। 19 सितंबर से यहां गरज-चमक के साथ बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। (CG Weather Update )

बिलासपुर में भी बारिश के आसार

बिलासपुर में भी आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना है। IMD के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 18 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री रह सकता है, जबकि 19 सितंबर से बारिश या गरज-चमक वाले दौर की संभावना बनी हुई है।

बिलासपुर रहा सबसे गर्म

मौसम केंद्र रायपुर के आंकड़ों के अनुसार 17 सितंबर को बिलासपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में पिछले 24 घंटे में 2.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पेंड्रा में 19.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

20 से 24 सितंबर तक सतर्क रहने की जरूरत

IMD ने छत्तीसगढ़ के लिए 20 और 21 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। 22 से 24 सितंबर तक भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। ऐसे में बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जाती है।

गर्मी और उमस से कब मिलेगी राहत?

फिलहाल रायपुर समेत कई इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। लेकिन 19 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के साथ तापमान में कुछ गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बारिश का असर जिले और स्थान के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है। (CG Weather Update )

यह भी पढ़े :- प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल पर बलौदाबाजार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आगाज

Back to top button
error: Content is protected !!