देश और दुनिया को हम अपनी संस्कृति से करा रहे अवगत: CM भूपेश बघेल

Ram Van Gaman Tourism: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल चंपारण्य में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत निर्माणकार्यों का लोकार्पण किया और यहां आयोजित चंपारण्य रामायण महोत्सव में शामिल हुए। लोकार्पण कार्यक्रम चंपेश्वर महादेव मंदिर परिसर और रामायण महोत्सव शासकीय स्कूल डगनिया में आयोजित हुआ। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति हई, जिसमें जिला स्तर पर पहला स्थान प्राप्त विजेता मानस मंडली की प्रस्तुति, हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, प्रभंजय चतुर्वेदी भिलाई का राम भजन और शन्मुख प्रिया मुंबई की प्रस्तुति भी हुई।

यह भी पढ़ें:- राखी के दिन बेरोजगारों को सौगात देंगे CM भूपेश बघेल, बेरोजगारी भत्ते की राशि करेंगे जारी

चंपारण्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि छत्तीसगढ़ में राम वन गमन पर्यटन परिपथ का निर्माण कार्य चल रहा है, इसकी शुरुआत चंदखुरी से हुई, शिवरीनारायण के बाद तीसरा राजीव लोचन मंदिर और अब चंपारण्य में भी भगवान राम की भव्य मूर्ति का अनावरण हुआ है। चम्पेश्वर महादेव यहां विराजे हैं और मुझे भी उनकी पूजा करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोकार्पित कैफेटेरिया को नो लास नो प्राफिट पर चम्पेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के द्वारा संचालित करने की घोषणा की। (Ram Van Gaman Tourism)

CM बघेल ने कहा कि चंपारण्य भगवान वल्लभाचार्य का प्राकट्य स्थल है। देश विदेश के लोग यहां आते हैं, पर्यटन स्थल के अनुरूप यहां अधोसंरचना का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदिम परंपरा और संस्कृति को सुरक्षित और संरक्षित करने का काम हमारी सरकार कर रही है, जिसके लिए हमने बादल नाम की संस्था बनाई, घोटुल का नवनिर्माण करा रहे हैं। आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है, जिसमें शामिल होने विदेशों से भी लोग यहां आते हैं और यहां की गौरवशाली और समृद्ध संस्कृति देखकर हतप्रभ रह जाते हैं। (Ram Van Gaman Tourism)

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कहीं भी रामायण महोत्सव का आयोजन नहीं हुआ, हमने देश में पहली बार रामायण महोत्सव का आयोजन कराया, हम मानते हैं कि ईश्वर कण-कण में हैं, हर जगह व्याप्त हैं। हम अपने अन्नदाता की सेवा कर रहे हैं, कभी उनके ऊपर परेशानी नहीं आने दी, कोरोना में भी हमने अपने अन्नदाता की सेवा की। उन्होंने इस मौके पर प्रदेश वासियों को राखी तिहार की बधाई देते हुए कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ महतारी के हर  बेटा-बेटी की सेवा कर रही है, ये सेवा का मौका आपने दिया है जिसके लिए आपको प्रणाम करता हूं। (Ram Van Gaman Tourism)

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धनेंद्र साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर छत्तीसगढ़ में भगवान राम जिस पथ से होकर गुजरे थे, उस पथ को राम वन गमन पथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। चंपारण्य को पंचकोषी धाम के रूप में माना जाता है। इसे भी विकसित किया जा रहा है और मुख्यमंत्री के हाथों करोड़ों रूपए के विकासकार्यों की सौगात चंपारण्य को मिली है। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, सांसद दीपक बैज, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत राम सुंदर दास और राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष नंद कुमार साय उपस्थिति रहे। (Ram Van Gaman Tourism)

Related Articles

Back to top button