Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ IPS रतनलाल डांगी पर यौन उत्पीड़न का आरोप

महिला ने PHQ में शिकायत दर्ज कराई, डीजीपी ने जांच के दिए निर्देश। पुलिस महकमे में सन्नाटा।

Chhattisgarh Police : छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। राज्य के वरिष्ठ IPS अधिकारी रतनलाल डांगी पर एक महिला ने यौन शोषण और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता महिला, एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) की पत्नी और पेशे से योग प्रशिक्षक, ने यह शिकायत 15 अक्टूबर को पुलिस मुख्यालय (PHQ) में दी। उनका दावा है कि पिछले 7 सालों से डांगी लगातार उनका उत्पीड़न कर रहे हैं।

यह भी पढ़े :- क्राइम ब्रांच की करतूत: कारोबारी की कार से 2 लाख उड़ाए, CCTV में कैद हुई वर्दी की वारदात

2017 से शुरू हुई पहचान

शिकायत के अनुसार महिला की पहली मुलाकात 2017 में कोरबा में हुई थी, जब डांगी वहां एसपी के पद पर तैनात थे। शुरुआत सोशल मीडिया और वीडियो कॉल से हुई, जो बाद में उत्पीड़न का माध्यम बन गई। महिला का आरोप है कि राजनांदगांव, सरगुजा और बिलासपुर में IG पदों पर रहते हुए डांगी ने लगातार उन्हें बंगले बुलाकर परेशान किया और न आने पर ट्रांसफर की धमकी दी।

सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक कॉल का दबाव

महिला ने कहा कि चंद्रखुरी पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में डांगी के निदेशक बनने के बाद भी वे वीडियो कॉल के जरिए निरंतर संपर्क बनाने का दबाव डालते रहे। महिला के पास आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य भी मौजूद हैं, जिन्हें जांच टीम को सौंपने की तैयारी है। (Chhattisgarh Police)

IPS डांगी का बयान

डांगी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “महिला मुझे ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रही है। मैंने इसकी शिकायत पहले ही वरिष्ठ अधिकारियों से कर दी थी।” डांगी 2003 बैच के अधिकारी हैं और बीजापुर, कांकेर, कोरबा और बिलासपुर में एसपी तथा सरगुजा, दुर्ग और बिलासपुर रेंज में IG रह चुके हैं। वर्तमान में वे चंद्रखुरी पुलिस प्रशिक्षण अकादमी के निदेशक हैं।

जांच टीम गठित

डीजीपी कार्यालय ने प्राथमिक जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच IG रैंक के अधिकारी कर रहे हैं, जिनकी टीम में महिला अफसर भी शामिल हैं। जांच महिला के बयान और डिजिटल साक्ष्यों से शुरू होगी, इसके बाद डांगी का बयान रिकॉर्ड किया जाएगा।

राज्य पुलिस सेवा (Chhattisgarh Police) के भीतर यह मामला अब तक का सबसे हाई-प्रोफाइल यौन उत्पीड़न विवाद बन गया है। जांच रिपोर्ट आने तक पुलिस मुख्यालय ने चुप्पी साध रखी है, लेकिन इस केस ने छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्यसंस्कृति और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!