पहलगाम हमले पर पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहे चिदंबरम? कहा – पाकिस्तान से आए आतंकियों का कोई सबूत नहीं

Chidambaram on Pahalgam Terror Attack : लोकसभा में आज ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले को लेकर 16 घंटे की विशेष चर्चा होने जा रही है, लेकिन इससे पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम के बयान ने सियासी भूचाल ला दिया है। चिदंबरम ने एक इंटरव्यू में कहा कि “इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि पहलगाम हमला करने वाले आतंकी पाकिस्तान से आए थे।”
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ से लाखों राखियां रवाना, सेना के जवानों को समर्पित ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र
इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस एक बार फिर पाकिस्तान को “क्लीन चिट” देने की कोशिश कर रही है और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर “इस्लामाबाद की पैरवी” कर रही है।
चिदंबरम ने क्या कहा?
पूर्व गृह मंत्री चिदंबरम ने द क्विंट को दिए इंटरव्यू में कहा: – “एनआईए बताने को तैयार नहीं कि अब तक क्या जांच की गई। क्या आतंकियों की पहचान हुई है? क्या पता, वे देश के ही आतंकी हों। आप क्यों मानते हैं कि वे पाकिस्तान से आए थे? इसका कोई सबूत नहीं है। (Chidambaram on Pahalgam Terror Attack)
उनका यह बयान 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरण घाटी में हुए आतंकी हमले पर आया है, जिसमें 26 हिंदू पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी।
जांच में क्या सामने आया?
हमले की शुरुआती जिम्मेदारी द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी, जो लश्कर-ए-तैयबा का एक फ्रंट संगठन माना जाता है। बाद में TRF ने जिम्मेदारी से इनकार कर दिया।
लेकिन राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच में सामने आया कि इस हमले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और लश्कर की सीधी भूमिका थी। एजेंसी के अनुसार, हमले में शामिल आतंकी पाकिस्तानी नागरिक थे।
भाजपा का पलटवार
भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा: – “यूपीए सरकार में गृह मंत्री रहे चिदंबरम अब कह रहे हैं कि हमला करने वालों का पाकिस्तान से कोई संबंध नहीं। कांग्रेस एक बार फिर पाकिस्तान को बचाने में जुटी है।”
वहीं भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कटाक्ष करते हुए कहा: -“कांग्रेस पाकिस्तान का बचाव पाकिस्तान से भी बेहतर करती है। पहलगाम हमला हो या सर्जिकल स्ट्राइक—कांग्रेस को हर बार सबूत चाहिए, लेकिन दुश्मन पर कभी भरोसा नहीं उठता।”
कांग्रेस की चुप्पी
अब तक न तो चिदंबरम और न ही कांग्रेस पार्टी की तरफ से इस बयान पर कोई सफाई या प्रतिक्रिया आई है। संसद सत्र के माहौल को देखते हुए यह बयान कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
राजनीतिक असर
संसद में आज होने वाली चर्चा से पहले चिदंबरम का यह बयान भाजपा के लिए एक बड़ा राजनीतिक हथियार बन सकता है। राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दे पर कांग्रेस की स्थिति फिर से सवालों के घेरे में है। ( Chidambaram on Pahalgam Terror Attack)



